शिव भक्ति की गंगोत्री में डूबा मुजफ्फरनगर, जमकर नाचे विकल्प जैन, देखें वीडियो…

नगरपालिका के कांवड़ सेवा शिविर में दिन-रात भोले भक्तों की सेवा में जुटा पालिका परिवार, भव्य कांवड़ झांकियों पर की गई पुष्पवर्षा

मुजफ्फरनगर। भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था, सेवा की भावना और सनातन संस्कृति के जीवंत स्वरूप का अद्भुत संगम इन दिनों मेरठ रोड स्थित नगरपालिका परिषद के कांवड़ सेवा शिविर में देखने को मिल रहा है। कांवड़ यात्रा के चरम पर पहुंचते ही शिविर में हर ओर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंज रहे हैं। दूर-दराज से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों की सेवा में पालिका परिवार पूरी श्रद्धा के साथ जुटा है। सेवा, सत्कार और भक्ति के इस वातावरण ने शिविर को श्रद्धालुओं के लिए आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में बदल दिया है। यहां पर बीती रात शिव भक्ति की ऐसी छटा बिखरी की भोलेनाथ की महिमा में सभी मंत्रमुग्ध हो गये। व्यवस्था संभाल रहे सभासदों के साथ युवा भाजपा नेता विकल्प जैन भी शिव शंकर की आस्था में जमकर झूमते और नाचते नजर आये। उनको वीडियो भी सामने आया है।

इसे भी पढ़ें:  नोएडा में इंजीनियर की मौत: 2023 में चेतावनी के बावजूद नहीं बना जल निकासी सिस्टम, अब उठ रहे सवाल

नगरपालिका परिषद की ओर से मेरठ रोड पर लगाए गए कांवड़ सेवा शिविर में कांवड़ियों के लिए दिन-रात चाय, नाश्ता, भोजन, चिकित्सा सुविधा और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है। नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप के साथ पालिका परिवार शिवभक्तों की सेवा में लगातार जुटा हुआ है। शिविर में पहुंचने वाले कांवड़ियों की जरूरतों का ध्यान रखते हुए सेवाभाव से उनका स्वागत और सत्कार किया जा रहा है।

आस्था और भक्ति के उल्लास के बीच सेवा व समर्पण के इस कार्य के आयोजन में पालिका प्रशासन की सहयोगी संस्था जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. के एमडी जीबन कुमार उपाध्याय के मार्गदर्शन में संस्था के प्रोजेक्ट हेड नीतेश चौधरी भी अपनी पूरी टीम के साथ कांवड़ियों की सेवा में दिन-रात जुटे हैं। शिविर में आने वाले शिवभक्तों को भोजन कराने से लेकर उनके विश्राम और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों तक का ध्यान रखा जा रहा है। सेवा कार्य में जुटे स्वयंसेवकों के उत्साह और समर्पण से शिविर का वातावरण पूरी तरह शिवमय बना हुआ है।

इसे भी पढ़ें:  भगवंत मान के बयान पर सियासी घमासान, भाजपा ने संजीव बालियान से मांगा जवाब

शुक्रवार रात मेरठ रोड से गुजरने वाली भव्य कांवड़ झांकियों ने शिविर की रौनक और बढ़ा दी। आकर्षक साज-सज्जा और धार्मिक स्वरूप में सजी कांवड़ झांकियों के पहुंचने पर युवा भाजपा नेता विकल्प जैन ने उनका स्वागत किया और शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान पूरा वातावरण हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा। भगवान भोलेनाथ की भक्ति में बज रहे भजनों ने माहौल को और अधिक भक्तिमय बना दिया। भक्ति और उल्लास में डूबे विकल्प जैन के साथ सभासद मनोज वर्मा भी भजनों पर जमकर थिरके। शिवभक्ति में सराबोर यह दृश्य कांवड़ यात्रा के उत्साह और सनातन संस्कृति की जीवंत परंपरा का प्रतीक नजर आया।

कांवड़ सेवा शिविर में बड़े ही नहीं, बल्कि नन्हें शिवभक्त भी सेवा भावना का संदेश देते नजर आए। शार्दुल जैन और अनन्या जैन ने परिवार के साथ मिलकर कांवड़ियों को भोजन परोसकर उनकी सेवा की। नन्हें हाथों से की गई यह सेवा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कांवड़ यात्रा के इस चरम दौर में नगरपालिका का सेवा शिविर केवल कांवड़ियों के लिए विश्राम और भोजन का स्थान नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, आस्था और सनातन संस्कृति के मिलन का जीवंत केंद्र बन गया है। दिन में तपती धूप के बीच कांवड़ियों की सेवा और रात में भजनों, जयघोष तथा भव्य झांकियों के बीच उमड़ता उल्लास शिवनगरी मुजफ्फरनगर के धार्मिक वातावरण को और भव्य बना रहा है। श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे लोग इसे पुण्य और सौभाग्य का अवसर मानते हुए पूरे समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यहां सेवा भाव से जुटे विकल्प जैन, मनोज वर्मा के अलावा सभासद प्रशांत गौतम, राहुल पंवार, नीतेश चौधरी, विपिन जैन, डीके जैन, शुभम कुमार, अनुज कुमार पूरे समर्पण के साथ शिवभक्तों का स्वागत कर रहे हैं। मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज की ओर से यहां पर निःशुल्क दवाईयों और उपचार की व्यवस्था की गई है। कॉलेज से चिकित्सा कर्मियों की टीम पूरे दिन सेवा में जुटी रहती है।

इसे भी पढ़ें:  गरबा-रामलीला में आधार कार्ड से हो एंट्री, मुस्लिम लड़कों पर लगाया आरोप: साध्वी प्राची 
Share This Article