गबन की शिकायत झूठी-सभासदों पर मानहानि का दावा करेंगे राजीव शर्मा

दक्षिणी कृष्णापुरी में सीसी सड़क निर्माण में दस लाख के कथिम गबन की शिकायत को भाजपा सभासद ने बताया बेबुनियाद, कहा-मेरे पास पूरे साक्ष्य

मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद के वार्ड संख्या-25 में सीसी सड़क और नाली निर्माण के नाम पर करीब दस लाख रुपये के कथित गबन को लेकर दो मुस्लिम सभासदों के द्वारा भाजपा सभासद के खिलाफ शिकायत करने का मामला सामने आने के बाद अब सड़क निर्माण के जीपीएस फोटो के साथ शिकायत को झूठा बताते हुए भाजपा सभासद ने शिकायतकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने की तैयारी कर ली है।

दो मुस्लिम सभासदों द्वारा जिलाधिकारी से की गई शिकायत में बिना सड़क निर्माण कराए ठेकेदार को भुगतान किए जाने और पालिका को राजस्व क्षति पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, संबंधित वार्ड 25 से भाजपा सभासद राजीव शर्मा ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए सड़क निर्माण के जीपीएस फोटो को साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया है। उन्होंने दावा किया कि संबंधित सड़क का निर्माण जून माह में ही कराया जा चुका है और मौके पर सड़क वर्तमान में भी मौजूद है।

इसे भी पढ़ें:  रवि दिवाकर का दमदार न्यायः छह मर्डर केस, तीन महीने में महिला सहित 11 को फांसी

वार्ड संख्या-54 के सभासद मोहम्मद शहजाद और वार्ड संख्या-45 की सभासद नर्गिस सिदीदीकी ने जिलाधिकारी को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि वार्ड संख्या-25 के दक्षिणी कृष्णापुरी क्षेत्र में सोनू के मकान से कल्लू के मकान तक तथा विनोद के मकान से रामू के मकान तक सीसी सड़क और नाली निर्माण का कार्य स्वीकृत किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सड़क का निर्माण कराए बिना ही ठेकेदार धर्मेंद्र और नगरपालिका के निर्माण विभाग के अधिकारियों से मिलीभगत कर करीब दस लाख रुपये का भुगतान करा दिया गया। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में वार्ड सभासद एवं भाजपा नेता राजीव शर्मा की भूमिका रही और बिना कार्य कराए भुगतान के माध्यम से नगरपालिका को राजस्व की क्षति पहुंचाई गई। शिकायत में मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी।

इसे भी पढ़ें:  जेएस एनवायरो कर्मियों संग मारपीट में सात हमलावरों की पहचान

शिकायत के बाद सभासद राजीव शर्मा ने आरोपों को खारिज करते हुए सड़क निर्माण से संबंधित जीपीएस फोटो सार्वजनिक किए। उनका कहना है कि शिकायत में जिस सड़क का निर्माण नहीं होने का दावा किया गया है, उसका निर्माण जून माह में कराया जा चुका है। सड़क मौके पर मौजूद है और उसके निर्माण से संबंधित साक्ष्य नगरपालिका के निर्माण विभाग के रिकॉर्ड के साथ-साथ स्थानीय लोगों के पास भी उपलब्ध हैं। राजीव शर्मा ने कहा कि दोनों सभासदों ने किसी के बहकावे में आकर पालिकाध्यक्ष, नगरपालिका बोर्ड और भारतीय जनता पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से ये झूठी और मनगढंत शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों से जुड़े लोगों के साथ मिलकर भाजपा को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि बिना कार्य कराए नगरपालिका में भुगतान किया जाना संभव नहीं है और संबंधित सड़क का निर्माण इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। सभासद ने कहा कि शिकायत के कारण उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने शिकायतकर्ताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी देते हुए कहा कि वह पालिकाध्यक्ष और नगरपालिका बोर्ड की छवि को धूमिल करने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेंगे। सभासद राजीव शर्मा ने दोनों शिकायतकर्ता सभासदों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराने की भी बात कही है।

इसे भी पढ़ें:  कच्चा कूड़ा डलावघर-खराब वाहन देखकर पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने जताई नाराजगी
Share This Article