शातिर लुटेरों के साथ मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश घायल

जंगल से चारा ला रही महिला को घायल कर लूटा था सोने का लॉकेट, पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोचा

मुजफ्फरनगर। थाना रामराज पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने महिला से लॉकेट लूटने की घटना में वांछित तीन आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। एसएसपी संजय वर्मा ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कार्रवाई की जानकारी दी।

एसएसपी ने बताया कि 10 सितंबर 2026 को प्राथमिक विद्यालय के पास महमदपुर मंगरू के जंगल में एक महिला से लॉकेट छीने जाने की घटना सामने आई थी। मामले के खुलासे के लिए थाना रामराज पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम को लगाया गया था। 14 सितंबर को पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए।

इसे भी पढ़ें:  दोस्त की शादी में हर्ष फायरिंग करने वाले भाजपा नेता पर एफआईआर, निरस्त होगा शस्त्र लाइसेंस

पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस ने दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी संजय वर्मा के अनुसार मुठभेड़ में पकड़े गये शातिर गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहीद पुत्र शौकीन अहमद, राशिद पुत्र मोहम्मद तारिक और मोहम्मद फिरोज पुत्र महमूद, सभी निवासी कस्बा व थाना अफजलगढ़ जनपद बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, तीन जिंदा व एक खोखा कारतूस, एक चाकू, पीली धातु का एक लॉकेट तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-शहर में शुरू हुआ डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना रामराज में मु0अ0सं0 71/2026, धारा 309(6), 109(1), 317 बीएनएसएस एवं 3/4/25/28 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा आरोपी राशिद के खिलाफ थाना अफजलगढ़, बिजनौर में धारा 323, 498बी, 504, 506 बीएनएस से संबंधित मुकदमा भी दर्ज बताया गया है। एसएसपी संजय वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

इसे भी पढ़ें:  12 घंटे में ही लूट की वारदाता का खुलासा, दो बदमाश गिरफ्तार, एक घायल
Share This Article