भूख हड़ताल से बिगड़ी सपा नेत्री डॉ. मोनिका की तबीयत, प्रशासन ने अस्पताल पहुंचाया

देर रात कलेक्ट्रेट धरना स्थल से जिला चिकित्सालय ले जाया गया, आईसीयू में उपचार जारी, पति युधिष्ठिर पहलवान सहित सपा नेताओं ने जाना हालचाल

मुजफ्फरनगर। आठ दिनों से लगातार भूख हड़ताल पर बैठीं समाजवादी पार्टी की नेत्री डॉ. मोनिका सिंह की तबीयत गुरुवार देर रात अचानक बिगड़ गई। स्वास्थ्य में लगातार गिरावट को देखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. योगेन्द्र त्रिखा की देखरेख में आईसीयू में उपचार शुरू किया गया। उनके पति एवं सपा नेता युधिष्ठिर पहलवान के साथ बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जिला अस्पताल पहुंचे।

इसे भी पढ़ें:  साकेत में बनेगा भव्य मंदिर, भूमि पूजन में उमड़े भक्तजन

उल्लेखनीय है कि 21 जून को दिल्ली में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तारी के बाद सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी के साथ कार्यकर्ताओं ने महावीर चौक पर रात को धरना दिया था। इसी बीच पहुंचे एक युवक कुलदीप सिंह ने वहां आकर अभद्रता शुरू कर दी, जिसको लेकर डॉ. मोनिका और उनके पति युधिष्ठिर का कुलदीप से विवाद हो गया था और मामला मारपीट तक पहंुच गया था। इसमें कुलदीप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मोनिका, उनके पति युधिष्ठिर सहित आठ दस सपाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जबकि मोनिका का आरोप है कि उनकी तहरीर पर कोई भी कार्यवाही नहीं की गई, इसी के विरोध में डॉ. मोनिका पिछले आठ दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी थीं।

इसे भी पढ़ें:  गाजियाबाद में खाना विवाद बना खौफनाक, पति की जीभ कटी

लंबे समय तक अन्न-जल त्यागने के कारण उनकी शारीरिक स्थिति लगातार कमजोर होती चली गई। गुरुवार देर रात स्वास्थ्य अधिक खराब होने पर चिकित्सकों की सलाह और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद उन्हें एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। जिला चिकित्सालय में वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. योगेन्द्र त्रिखा के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने उनका प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। गंभीर कमजोरी और शरीर में पोषण की कमी को देखते हुए उन्हें आईसीयू वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। चिकित्सक लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर निगरानी बनाए हुए हैं। शुक्रवार सुबह अस्पताल में डॉ. मोनिका का हालचाल जानने के लिए उनके पति एवं सपा नेता युधिष्ठिर पहलवान, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और आंदोलन से जुड़े घटनाक्रम पर भी चर्चा की।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR POLICE-आधी रात शातिर बदमाशों पर हल्ला बोल
Share This Article