मंडी में अतिक्रमण पर बुलडोज़र चलने के बाद व्यापारियों ने अर्धनग्न होकर किया विरोध प्रदर्शन

खतौली। नगर की मंडी में अतिक्रमण को लेकर प्रशासन की ओर से चलाए गए बुलडोज़र अभियान के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। प्रशासन द्वारा दो दिन पूर्व चेतावनी दिए जाने के बाद बुधवार को आक्रोशित व्यापारियों ने तेज गर्मी के बीच अर्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन किया और खुले आसमान के नीचे सब्जियां बेचने का कार्य किया।

व्यापारियों का कहना है कि प्रचंड गर्मी में पहले ही लोग बीमार पड़ रहे हैं, ऐसे में प्रशासन ने उनके सिर से छत छीनकर उन्हें खुले में बैठने को मजबूर कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि मंडी समिति या तो एक सप्ताह के भीतर टीन शेड लगवाए या फिर व्यापारियों को स्वयं शेड लगाने की अनुमति दे। व्यापारी राधे प्रणामी ने बताया कि सब्जियां खराब हो रही हैं और लाखों का नुकसान हो रहा है। गोविंद भूटानी ने कहा कि मंडी में स्थायी व्यवस्था न होने से ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। हाजी नोमान ने बताया कि बारिश या तेज धूप में व्यापार पूरी तरह ठप हो जाता है। बिलाल ने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय व्यापारी खुली सड़क पर धूप में काम नहीं कर सकते। युवराज शर्मा, अनिल ठाकुर और फुरकान खान सहित अन्य व्यापारियों ने भी प्रशासन से तत्काल स्थायी व्यवस्था की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं निकाला गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल मंडी में अफरा-तफरी और अस्थायी व्यवस्था के चलते कारोबार पर गंभीर असर पड़ा है। उधर मंडी में काम करने वाली महिला मजदूरों ने भी बताया कि भयंकर गर्मी के कारण वह काम कर पाने में असमर्थ हैं। गर्मी में काम करने के कारण बीमार हो रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:  भाजपा ने जनता को दिया सुशासन और सुरक्षाः सुधीर सैनी
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *