KHULASA-सौतेली मां के नाम तीन करोड़ की सम्पत्ति करने से नाराज बेटों ने कराई पिता की हत्या

शामली। जनपद के होटल कारोबारी गुड्डन कांबोज हत्याकांड का पुलिस ने बदमाशों से हुए एनकाउंटर के बाद उनके कबूलनामे के आधार पर सनसनीखेज खुलासा किया है। रोजमर्रा के घरेलू झगड़ों और सौतेली मां के नाम तीन करोड़ रुपये की सम्पत्ति कर दिये जाने से नाराज चल रहे गुड्डन कांबोज के दो बेटों ने ही अपने पिता की हत्या की साजिश रची और मेरठ के दो शार्प शूटरों को 10 लाख रुपये में अपने पिता की हत्या का सौदा करते हुए सुपारी दे दी थी। इन्हीं शूटरों ने अपने गैंग के साथ मिलकर मोर्निंग वॉक पर निकले गुड्डन कांबोज की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दो बदमाशों के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मृतक के दोनों बेटे भी शामिल हैं।

शामली के चर्चित हिस्ट्रीशीटर होटल मालिक गुड्डन कांबोज हत्याकांड का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस के दावे के अनुसार गुड्डन के दोनों बेटों ने ही मेरठ के दो शार्प शूटरों को 10 लाख रुपये में सुपारी देकर अपने पिता की हत्या कराई थी। शनिवार की देर रात पुलिस की सिंभालका बाईपास के पास शार्प शूटरों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक शार्प शूटर दरोगा की पिस्टल छीनकर भागने लगा तो पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में दो शार्प शूटरों, मृतक के दोनों बेटों समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के बाद रात में ही एसपी रामसेवक गौतम भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

दरअसल, शामली शहर के कैराना रोड के रहने वाले लावण्य होटल के मालिक गुड्डन की एक सितंबर की सुबह को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। एसपी ने खुलासे के लिए पांच टीमों को लगाया था। एसपी के अनुसार, शनिवार की देर रात सूचना मिली कि सिंभालका बाईपास के पास कुछ बदमाश एक नलकूप के पास बैठे हैं। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो दो बदमाश मौके से भागने लगे। एक बदमाश ने दरोगा पवन की रिवाल्वर छीन ली और दो हवाई फायर भी किए। इसके बाद जवाबी फायरिंग में मेरठ के बटावली गांव निवासी शार्प शूटर जयवीर पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि दूसरे शार्प शूटर जयवीर के सगे भतीजे आशू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। शार्प शूटरों के पास से एक लाइसेंसी पिस्टल, एक तमंचा, पल्सर बाइक बरामद की गई। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

एसपी ने बताया कि शार्प शूटरों ने गुड्डन की हत्या को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने शार्प शूटरों के अलावा गुड्डन की पहली पत्नी के बेटे सोनू कांबोज और मोहित कांबोज, अन्य व्यक्ति ओमबीर, रेलवे कॉलोनी निवासी राहुल शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गुड्डन के गिरफ्तार बेटे सोनू और मोहित ने उन्हें गुड्डन को मारने के लिए 10 लाख रुपये में सुपारी दी थी। गुड्डन ने अपनी दूसरी पत्नी के नाम करीब तीन करोड़ रुपये की सम्पत्ति कर दी थी। जबकि आए दिन दोनों बेटों और अपनी पहली पत्नी के साथ झगड़ा करता था। जिसके कारण दोनों बेटों ने ही हत्याकांड का षडयंत्र रचा था। आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वैसे तो वे पिछले काफी समय से गुड्डन की हत्या की फिराक में थे। मगर उन्होंने शार्प शूटर जयवीर को कुछ दिन पूर्व ही हत्या की सुपारी दी थी। पांच हजार रुपये एडवांस दिए गए थे, जबकि बाकी रुपये काम हो जाने के बाद देने की बात तय की गई थी।

शार्प शूटर हत्या से एक दिन पहले यानी 31 अगस्त को शामली आ गए थे। शामली में दोनों बेटों ने रेलपार कालोनी के रहने वाले अपने दोस्त आरोपी राहुल शर्मा के यहां पर दोनों शार्प शूटरों को रुकवा दिया था। एक सितम्बर की सुबह करीब 5 बजे दोनों शार्प शूटर चादर ओढ़कर पूर्वी यमुना नहर के पास गए, जहां पर दोनों ने मोर्निंग वॉक करने के लिए वहां पर आये गुड्डन की गोली मारकर हत्या कर दी और मेरठ की तरफ फरार हो गए थे। एसपी ने बताया कि पिता की हत्या करने के लिए मृतक के बेटे सोनू कांबोज ने शार्प शूटर जयवीर को अपनी लाइसेंसी पिस्टल और गोलियां दी थी, जबकि दूसरा शार्प शूटर मेरठ से ही तमंचा लेकर पहुंचा था। लाइसेंसी पिस्टल से घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। शार्प शूटरों ने मेरठ और अन्य स्थानों पर कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है मगर वह पुलिस रिकॉर्ड में नहीं है। एसपी ने बताया कि घटना का खुलासा करने में कोतवाली प्रभारी समयपाल अत्री और अन्य टीमों का पूरा सहयोग रहा। जल्द ही टीम को इनाम देकर पुरस्कृत किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें:  कवाल कांडः मलिकपुरा में बनेगा सचिन-गौरव का स्मारक
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *