टोंटी चोर-रोशन उखाड़कर स्कूल में घुसे बदमाशों ने साफ किया लाखों का माल

मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की साकेत कॉलोनी स्थित लिटिल एंजेल्स प्ले स्कूल देर रात्रि अज्ञात चोरों के निशाने पर आ गया। चोरों ने रोशनदान उखाड़कर स्कूल परिसर में घुसकर न केवल लाखों रुपये का सामान पार कर लिया, बल्कि स्कूल परिसर में जमकर तोड़फोड़ करते हुए शौचालयों से दो दर्जन से अधिक स्टील की टोंटियां भी उखाड़ लीं। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने साकेत कॉलोनी स्थित लिटिल एंजेल्स प्ले स्कूल में रोशनदान के रास्ते घुसपैठ की। अंदर घुसते ही चोरों ने स्कूल के कार्यालय का ताला तोड़ा और वहां से दो इन्वर्टर, म्यूजिक सिस्टम, प्रोजेक्टर और बच्चों की फीस के रूप में रखे गए लगभग 6,000 रुपये नकद चुरा लिए।

चोरी के बाद चोरों ने स्कूल परिसर में जमकर उत्पात मचाया। तोड़फोड़ करते हुए उन्होंने शौचालयों में लगी करीब दो दर्जन स्टील की पानी की टोंटियां भी उखाड़ लीं। इस घटना से स्पष्ट है कि चोर न केवल सुनियोजित थे बल्कि उनका उद्देश्य संपत्ति को नुकसान पहुंचाना भी था। मंगलवार सुबह जब स्कूल के संचालक विनय शर्मा स्कूल परिसर में पहुंचे, तो वहां का नजारा देख हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली साकेत चौकी पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल की जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लाखों में आंकी जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके। घटना के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में खासा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यह इलाका शहर के प्रमुख रिहायशी इलाकों में से एक है, और इसके बावजूद रात के समय यहां पुलिस गश्त न के बराबर होती है। इस प्रकार की घटनाएं न सिर्फ स्कूल प्रशासन बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से स्कूलों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  एसडीएम सदर के खिलाफ कमिश्नरी घेरेंगे किसानः अजय त्यागी
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *