T-20–उद्यमियों की पिच पर बराबर रहे संजीव बालियान

मुजफ्फरनगर। खतौली क्षेत्र के भैंसी गांव स्थित एक निजी स्टेडियम में मंगलवार की रात खेला गया एक टी-20 मैत्री क्रिकेट मैच हर मायने में खास रहा। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान की अगुवाई वाली टीम बालियान इलेवन और उद्योगपति भीमसेन कंसल की कप्तानी वाली टीम एमसीए इलेवन के बीच हुए इस मुकाबले ने दर्शकों को अंतिम गेंद तक बांधे रखा। अंतिम गेंद पर दोनों टीमों का स्कोर बराबर रहने के कारण यह मैच टाई घोषित किया गया।

मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव मनोज पुंडीर ने जानकारी देते हुए बताया कि बालियान इलेवन और एमसीए इलेवन के बीच तीन मैचों का टूर्नामेंट फ्लड लाइट में आयोजित कराया जा रहा है। इसी के तहत मंगलवार को हुए मैच में भरपूर रोमांच बना नजर आया। इस अनोखे मैच में एक ओर जहां डॉ. बालियान की टीम में क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत सदस्य शामिल थे, वहीं दूसरी ओर भीमसेन कंसल के साथ कई उद्योगपति और जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य मैदान में उतरे। मैच की शुरुआत टॉस से हुई, जिसमें भीम कंसल की टीम ने जीत दर्ज की और गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बालियान इलेवन की शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन मध्य क्रम के बल्लेबाजों ने अच्छी साझेदारी कर टीम को संभाला। निर्धारित 20 ओवर में टीम ने 136 रन बनाए। दर्शकों के बीच टीम की रणनीति और संतुलित प्रदर्शन की सराहना होती रही।

एमसीए इलेवन ने लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज शुरुआत की, लेकिन बीच के ओवरों में विकेटों का सिलसिला बनने से मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। आखिरी ओवर में जीत के लिए 8 रन चाहिए थे और जब अंतिम गेंद फेंकी गई, तो कंसल की टीम को दो रन की जरूरत थी। बल्लेबाज ने बेहतरीन शॉट खेला लेकिन जीत के लिए रनों का जादुई आंकड़ा जुटाने में सफल नहीं रहे। मनोज पुंडीर ने बताया कि यह मैच बराबरी पर छूटने के कारण टाई रहा। मैच के दौरान स्टेडियम में फ्लड लाइट्स की चकाचौंध, दर्शकों की हूटिंग और तालियों की गूंज से माहौल बेहद उत्साहित रहा। डॉ. संजीव बालियान स्वयं मैदान में सक्रिय नजर आए और लोगों से संवाद करते हुए मैच का आनंद लिया और बेहतर प्रदर्शन भी किया। खेल समाप्ति के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को बधाई दी। भीम कंसल ने कहा कि यह मुकाबला सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। इस आयोजन ने नेताओं और उद्योगपतियों के बीच सहयोग की भावना और खेल के प्रति उनकी रुचि को भी उजागर किया और इसके सहारे समाज में सकारात्मकता और एकता का संदेश मजबूत होता है।

इसे भी पढ़ें:  एथलीट प्रियंका के लिए इंसाफ की मांग कर सीएम से मिलेंगे पिता
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *