सड़क हादसे में चाचा-भतीजे की मौत, मासूम बच्ची घायल

मुजफ्फरनगर। रविवार की सुबह रतनपुरी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में शामली निवासी चाचा भतीजे की मौत हो गई, जबकि उनके साथ आ रही एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। बाइक सवार जब काली नदी पुल से गुजर रहे थे, इसी बीच एक कैंटर चालक ने बाइक को टक्कर मारकर उनको चपेट में ले लिया, जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद मौके पर काफी भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-23 मई को तितावी थाने पर भाकियू का धरना स्थगित

रतनपुरी थाना क्षेत्र में रविवार को सुबह एक भयंकर हादसा हो गया। इसमें दो लोगों की मौत हो जाने से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र के काली नदी पुल पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके साथ आ रही तीन साल की बच्ची घायल हुई है। हादसे में मृतकों की पहचान 55 वर्षीय दीन मोहम्मद और उनके 30 वर्षीय भतीजे शहजाद के रूप में हुई है। दोनों शामली से मुजफ्फरनगर के गांव सठेड़ी में रिश्तेदारी में हुई मौत के कारण इस दुख में शामिल होने के लिए आ रहे थे। उनके साथ तीन साल की बच्ची इनाया पुत्री इस्तकार भी बाइक पर सवार थी। जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे खतौली के सीएचसी में भर्ती कराया गया है। रतनपुरी थाना प्रभारी ने बताया कि हादसा काली नदी पुल पर हुआ, इस दौरान बाइक सवार चाचा भतीजे को एक कैंटर चालक ने तेज गति से टक्कर मारते हुए चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। परिजनों को भी सूचना दे दी गई थी। 

इसे भी पढ़ें:  जागृतिकारी संत नयन सागर ने समाज को दिया एकता का मूल मंत्र
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *