नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जून को स्थापना दिवस के अवसर पर लगने वाले भव्य मेले को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक प्लान जारी कर दिया गया है। बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले वाहनों को तय रूटों से डायवर्ट किया जाएगा और श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थलों से शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम भेजा जाएगा।
कैंची धाम में मुख्य मेला 15 जून को आयोजित होता है, लेकिन श्रद्धालुओं की आवाजाही कई दिन पहले से शुरू हो जाती है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने भीड़ नियंत्रण, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर अलग-अलग रूट तय किए हैं। पुलिस ने साफ किया है कि श्रद्धालुओं को अनावश्यक जाम से बचाने और व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक प्लान का पालन करना जरूरी होगा।
दिल्ली-NCR, हरिद्वार और देहरादून की ओर से आने वालों के लिए व्यवस्था
देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली-NCR और मुरादाबाद की ओर से रामनगर व कालाढूंगी होते हुए कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नयागांव तिराहे से नैनीताल तिराहा, लामाचौड़, आरटीओ रोड तिराहा, पंचायतघर तिराहा, शीतल होटल, बरेली रोड तीनपानी तिराहा होते हुए गौलापार-काठगोदाम की ओर भेजा जाएगा। इन वाहनों को रेलवे स्टेशन काठगोदाम और नगर निगम काठगोदाम में पार्क कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा से कैंची धाम भेजा जाएगा।
रामपुर रोड से आने वाले वाहनों को गन्ना सेंटर और शीतल होटल से डायवर्ट कर बरेली रोड तीनपानी तिराहा से गौलापार-काठगोदाम की ओर भेजा जाएगा। यहां भी वाहनों को निर्धारित पार्किंग में खड़ा कर श्रद्धालुओं को शटल सेवा से आगे भेजा जाएगा।
बरेली रोड की ओर से आने वाले वाहनों को तीनपानी तिराहा से गौलापार-काठगोदाम की ओर भेजा जाएगा। रेलवे स्टेशन काठगोदाम और नगर निगम काठगोदाम में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
रोडवेज बस और ट्रेन से आने वाले श्रद्धालुओं को हल्द्वानी रोडवेज और रेलवे स्टेशन से काठगोदाम की ओर भेजा जाएगा। काठगोदाम से शटल सेवा के माध्यम से उन्हें कैंची धाम पहुंचाया जाएगा।
नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों से आने वालों के लिए रूट
रामनगर और कालाढूंगी की ओर से कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नयागांव तिराहा, नैनीताल तिराहा, लामाचौड़, आरटीओ रोड तिराहा, पंचायतघर तिराहा, शीतल होटल, बरेली रोड तीनपानी तिराहा, गौलापार-काठगोदाम, नारीमन तिराहा होते हुए भीमताल की ओर भेजा जाएगा। ऐसे वाहनों को विकास भवन भीमताल में पार्क कराया जाएगा और वहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा से कैंची धाम भेजा जाएगा।
लालकुआं की ओर से आने वाले वाहनों को बरेली रोड तीनपानी तिराहा से गौलापार-काठगोदाम और नारीमन तिराहा होते हुए भीमताल की ओर भेजा जाएगा। इन वाहनों की पार्किंग विकास भवन भीमताल में कराई जाएगी।
नैनीताल, ज्योलीकोट, धारी और मुक्तेश्वर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को सैंटोरियम पार्किंग भवाली में पार्क कराया जाएगा। यहां से शटल सेवा के माध्यम से श्रद्धालुओं को कैंची धाम भेजा जाएगा।
अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से आने वालों के लिए व्यवस्था
अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर से कैंची धाम आने वाले वाहनों को खैरना पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम भेजा जाएगा।
हल्द्वानी से अल्मोड़ा और बागेश्वर की ओर जाने वाले वाहनों को भीमताल, खुटानी बैंड, नथुवाखान और रामगढ़ होते हुए भेजा जाएगा। अल्मोड़ा और बागेश्वर से हल्द्वानी आने वाले वाहन भी इसी रूट का प्रयोग करेंगे।
भारी वाहनों की आवाजाही पर रहेगी रोक
कैंची धाम मेले को देखते हुए भारी वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। 13 जून को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इसके बाद 14 जून की रात 12 बजे से 16 जून की रात 11 बजे तक भारी वाहनों पर पूर्ण रोक रहेगी।
राशन, फल, सब्जी और जरूरी सामान ले जाने वाले वाहनों को 13 जून की रात 11 बजे से 14 जून की सुबह 4 बजे तक ही आवागमन की अनुमति रहेगी। 14 जून की सुबह 6 बजे से 16 जून की रात 11 बजे तक इन वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।
अल्मोड़ा और बागेश्वर से आने-जाने वाले भारी वाहन रामनगर, मोहान और रानीखेत होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे। पिथौरागढ़ और चंपावत से आने-जाने वाले वाहनों को टनकपुर रूट से भेजा जाएगा।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले के दौरान निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें, वाहनों को तय पार्किंग में ही खड़ा करें और शटल सेवा का उपयोग करें, ताकि जाम और अव्यवस्था से बचा जा सके।






