सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य, जातिगत, राजनीतिक और सांप्रदायिक गीतों पर रहेगा प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में लगातार विभिन्न विभागों और संबंधित पक्षों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में डीजे संचालकांें के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर पुलिस अफसरों के द्वारा यात्रा के दौरान पालन किए जाने वाले नियमों और कानूनों की विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा ने की। इसमें डीजीे संचालकों के साथ ही कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले थानेदारों को भी बुलाया गया था। बैठक में सीओ सदर राजू साव ने डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुप्रीम कोर्ट और शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि नियमों का उद्देश्य यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाना है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
सीओ सदर ने चेतावनी दी कि यात्रा के दौरान किसी भी डीजे पर जातिगत, राजनीतिक या सांप्रदायिक भावनाएं भड़काने वाले गीत नहीं बजाए जाएंगे। ऐसे गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और किसी भी सूरत में माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी डीजे संचालकों को प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। यदि कोई संचालक नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा, शहर कोतवाल बृजेश शर्मा, थाना सिविल लाइन प्रभारी के.पी. सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शहर और आसपास के क्षेत्रों के कई दर्जन डीजे संचालकों ने भाग लिया तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।
अनुभव के आधार पर राजू साव को फिर मिली सदर सर्किल की जिम्मेदारी

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सर्किल अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया है। नई मंडी के क्षेत्राधिकारी राजू कुमार साव को कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के उनके अनुभव को देखते हुए एक बार फिर सदर सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। क्षेत्राधिकारी सदर का कार्यभार संभालते ही राजू कुमार साव ने यात्रा मार्ग की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय कर कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। बताया गया कि एसएसपी संजय कुमार वर्मा द्वारा सीओ मंडी राजू साव को सीओ सदर, तबादला होकर जनपद में आए डीएसपी सुनील कुमार को सीओ नई मंडी और तबादले पर ही जिले में आमद कराने वाले डीएसपी नरेन्द्र यादव को सीओ फुगाना बनाया गया है। एसएसपी के आदेश पर तीनों अधिकारियों ने नए सर्किल में तत्काल प्रभाव से चार्ज ग्रहण कर लिया है।
