जीनस पेपर मिल के वेस्ट पेपर गोदाम में भीषण आग, घंटों बाद पाया काबू

दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, आसपास की पेपर मिलों में भी बढ़ाई गई सतर्कता

मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित जीनस पेपर मिल के वेस्ट पेपर स्टॉक में रविवार को अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

इसे भी पढ़ें:  गांव में पेट्रोल का अवैध कारोबारः नाबालिग के हाथों बोतलों में बिक रहा तेल

आग की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर के अलावा बुढ़ाना, जानसठ और खतौली से भी फायर टेंडर बुलाए गए। वहीं आसपास की पेपर मिलों से भी पानी के टैंकर मौके पर मंगाए गए, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह और फायर स्टेशन अधिकारी आरके यादव भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। अधिकारियों ने बताया कि वेस्ट पेपर स्टॉक में आग तेजी से फैलती है, इसलिए अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था करनी पड़ी।

इसे भी पढ़ें:  दशलक्षण पर्व के दूसरे दिन उत्तम मार्दव धर्म की पूजा की गई। इस दौरान जैन मंदिरों में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान में अनुयायी मौजूद रहे।

आग लगने के बाद क्षेत्र की अन्य पेपर मिलों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई। मिल प्रबंधन द्वारा वेस्ट पेपर गोदामों की निगरानी शुरू कर दी गई तथा आग से बचाव के लिए वेस्ट पेपर पर लगातार पानी का छिड़काव कराया गया। दमकल विभाग और मिल कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से आग को अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। विभागीय अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में 200 फर्जी हॉस्पिटल चलने का दावा, हिंदू युवा वाहिनी ने सौंपा ज्ञापन
Share This Article