सीएम योगी के साथ तिरंगा लेकर निकले मंत्री कपिल देव अग्रवाल

गाजियाबाद में लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा में सीएम योगी के साथ कदमताल करते हुए दिया राष्ट्रवाद और जन कल्याण का संदेश, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनादेश के सम्मान का दोहराया संकल्प

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल गुरुवार को गाजियाबाद में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शामिल हुए।

इस दौरान वह भाजपा का ध्वज और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा थामे मुख्यमंत्री के साथ राष्ट्रवाद की अलख जगाते हुए कदमताल करते नजर आए। इससे पहले मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मुजफ्फरनगर जनपद में सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनमानस के साथ संपर्क करते हुए उनको जिले से सैंकड़ों बसों में सवार कर रवाना किया। इसके बाद खुद पहुंचे और उनके नेतृत्व में मुजफ्फरनगर जनपद से इस पदयात्रा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी रही।

इसे भी पढ़ें:  अजय बालियान को पुष्प अर्पित करने रसूलपुर में उमड़े लोग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जनपद गाजियाबाद में निकाली गई इस पदयात्रा के माध्यम से भाजपा ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मर्यादाओं और जनादेश के सम्मान का संदेश दिया। इस दौरान कपिल देव अग्रवाल ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक परंपराओं के सम्मान को जरूरी बताया। पदयात्रा में सहभागिता के बाद कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के विश्वास, जनादेश के सम्मान और संवैधानिक मर्यादाओं के पालन में निहित है। लोकतांत्रिक व्यवस्था की गरिमा और प्रतिष्ठा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का दायित्व है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-पब्लिक स्कूल में चैकीदार की निर्मम हत्या से सनसनी

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, राष्ट्र की एकता-अखंडता और संवैधानिक आदर्शों की प्रतिष्ठा के लिए प्रतिबद्ध है। जनता का विश्वास लोकतंत्र का आधार है और जनादेश का सम्मान उसकी सबसे बड़ी मर्यादा है। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ की इस पदयात्रा को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर के प्रशांत सैनी ने 12 साल की मेहनत से सीए परीक्षा में हासिल की सफलता
Share This Article