18 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन के दौरान भरी आंदोलन की हुंकार, वेतनमान, पदनाम परिवर्तन और दवाओं का नुस्खा लिखने का अधिकार देने की मांग
मुजफ्फरनगर। दीपावली के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का रुख तेज कर दिया है। शुक्रवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की जिला इकाई के बैनर तले फार्मासिस्टों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर शासन के प्रति नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने 18 सूत्रीय मांगों को लंबे समय से लंबित रखे जाने पर आक्रोश व्यक्त करते हुए इनके शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया को सौंपा गया।
धरने का नेतृत्व डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जिला इकाई के अध्यक्ष रोहित चौधरी और मंत्री मनोज त्यागी ने किया। आंदोलन को एनएचएम के संविदा चिकित्सकों एवं कर्मचारियों के साथ संयुक्त राज्य कर्मचारी परिषद का भी समर्थन मिला। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने धरने में शामिल होकर फार्मासिस्टों की मांगों को जायज बताते हुए एकजुटता प्रदर्शित की। धरने पर वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में कार्यरत फार्मासिस्टों और संवर्ग के उच्च पदों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी शैक्षिक योग्यता, पद की जिम्मेदारी और कार्यदायित्व के अनुरूप वेतनमान नहीं मिल रहा है। इससे फार्मासिस्ट संवर्ग में लंबे समय से असंतोष बना हुआ है।
कर्मचारियों ने पदनाम परिवर्तन, फार्मासिस्टों को औषधियों का नुस्खा लिखने का अधिकार देने और पदों के सृजन से जुड़े मानकों में संशोधन करने की मांग प्रमुखता से उठाई। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने कहा कि संगठन की ओर से लंबे समय से 18 सूत्रीय मांग पत्र के माध्यम से समस्याओं को शासन के सामने रखा जा रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। शासन और महानिदेशालय स्तर पर अधिकारियों की उदासीनता के कारण संगठन के साथ वार्ता तक नहीं की जा रही है। इसी वजह से कर्मचारियों की समस्याएं लगातार लंबित बनी हुई हैं।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में एसोसिएशन ने 18 सूत्रीय मांग पत्र पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लेने और शासनादेश जारी कराने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी शासन और महानिदेशालय की होगी। धरने में शामिल कर्मचारियों ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और दवाओं के वितरण से लेकर मरीजों को औषधियों के उपयोग संबंधी जानकारी देने तक अहम भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद संवर्ग की समस्याओं की अनदेखी किया जाना कर्मचारियों के मनोबल को प्रभावित कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने एकजुट होकर मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रोहित चौधरी और मंत्री मनोज त्यागी के अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष डॉ. संजीव लाम्बा, एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. सचिन जैन, डॉ. फैसल सिद्दीकी के अलावा फार्मासिस्ट ललित मोहन, मौ. हारून, विशाल भारद्वाज, मनोज वर्मा, करूणा सैनी, जसवीर कौर, आदेश शास्त्री, अमित त्यागी, सुदीप त्यागी, मोबीन अली, अशोक पाल, संजीव मलिक और यतेन्द्र गिरी के साथ ही जिले के चीफ और अन्य फार्मासिस्ट ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
