गांव नरा में शुक्रवार सुबह बेटी ने कमरे में फंदे पर लटका देखा पिता का शव, आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव नरा में एक होमगार्ड द्वारा बेटी की ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह जब बेटी ने कमरे में पिता का शव फंदे से लटका देखा तो परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चंद्रसेन (59 वर्ष) पुत्र मुख्तार सिंह निवासी गांव साल्हाखेड़ी, थाना तितावी के रूप में हुई है। वह होमगार्ड विभाग में कार्यरत था और वर्तमान में शहर कोतवाली में उसकी ड्यूटी चल रही थी। बताया गया कि गुरुवार रात वह अपनी बेटी की ससुराल गांव नरा पहुंचा था, जहां उसके दामाद कुलदीप पुत्र तीरथराम का घर है।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे बेटी ने कमरे में जाकर देखा तो पिता का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था।
यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। करीब छह बजे सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बेगराजपुर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक ललित राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
मंसूरपुर पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे किसी ठोस कारण की पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक पिछले कुछ समय से पारिवारिक तनाव के कारण मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले में सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
