कांवड़ियों की सेवा में पालिका ने लगाया अपना शिविर, मीनाक्षी स्वरूप ने किया शुभारंभ

मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का नहीं, बल्कि सेवा का भी पर्व है। शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है

रात्रि विश्राम, चाय-नाश्ता, भोजन, चिकित्सा, स्नान और पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध, शिवरात्रि तक लगातार चलेगा सेवा शिविर

मुजफ्फरनगर। सावन मास की कांवड़ यात्रा में लाखों शिवभक्तों की आस्था और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुजफ्फरनगर नगरपालिका परिषद ने सेवा का एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर के 22 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर पहले से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के बाद अब मेरठ रोड स्थित गन्ना शोध संस्थान के समीप विशेष कांवड़ सेवा शिविर की शुरुआत की गई है, जहां कांवड़ियों को निःशुल्क भोजन, चिकित्सा, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

सावन मास की कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए नगरपालिका परिषद ने मेरठ रोड पर अपना विशेष कांवड़ सेवा शिविर प्रारंभ कर दिया है। नगरपालिका परिषद् और जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. के संयुक्त आयोजन में लगाए गए इस शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मेरठ से पहुंचे मनोज गुप्ता और शैली गुप्ता ने भगवान शिव के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया।

इसे भी पढ़ें:  IMA CME--शराब का लवली पेग भी कर सकता है शरीर कर सत्यानाश

नगरपालिका परिषद की ओर से शहर के लगभग 22 किलोमीटर लंबे शहरी कांवड़ मार्ग पर पहले से ही सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। अब इस सेवा शिविर के माध्यम से कांवड़ियों को एक ही स्थान पर रात्रि विश्राम, चाय-नाश्ता, दोपहर एवं रात्रि भोजन, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, स्नान की व्यवस्था तथा स्वच्छ पेयजल जैसी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से की गई हैं।

शिविर में नगरपालिका परिषद की सहयोगी संस्था जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक जीबन कुमार उपाध्याय ने मुख्य अतिथियों, पालिका के सभासदों, अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि शिविर में सेवा कार्य पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया जाएगा तथा यह सेवा शिविर महाशिवरात्रि तक निरंतर संचालित रहेगा।

इसे भी पढ़ें:  काशीराम कॉलोनी में आवासों की खरीद-फरोख्त का आरोप, जिलाधिकारी से जांच की मांग

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल आस्था का नहीं, बल्कि सेवा का भी पर्व है। शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। नगरपालिका परिषद पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ कांवड़ियों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और इसी भावना के साथ यह शिविर संचालित किया जा रहा है। उन्होंने यहां पर नगरपालिका की ओर से एक मोबाइल एम्बुलेंस का भी शुभारंभ किया, जो नगरीय क्षेत्र के कांवड़ मार्ग पर भ्रमणशील रहकर शिव भक्तों को उपचार सुविधा प्रदान करने का काम करेगी। इसमें चिकित्सक और विशेषज्ञ स्टाफ की दवाईयों के साथ उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इस दौरान जेएस एनवायरो के प्रोजेक्ट हैड नीतेश चौधरी ने अपनी टीम के साथ शिव भक्तों की सेवा की और सभी अतिथियों व आगंतुकों का आभार प्रकट किया।

इसे भी पढ़ें:  जिले के पांच थानों में दर्ज हैं ये सात मुकदमे

शिविर के शुभारंभ के दौरान मुख्य रूप से सभासद कुसुमलता पाल, ममता बालियान, मनी पटपटिया, भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, रजत धीमान, देवेश कौशिक, योगेश मित्तल, अमित पटपटिया, शोभित गुप्ता, राहुल पंवार, ललित कुमार, सुन्दर सिंह, नीरज बिरला, विपिन जैन, नीरज कर्नल नवनीत गुप्ता के अलावा ईओ पवन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी, एई जलकल अनुज कुमार, एई निर्माण नैपाल सिंह, जेई जलकल धर्मवीर सिंह, जितेन्द्र सैनी, जेई निर्माण राजीव सोनकर, सीएसएफआई योगेश कुमार, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, लिपिक रूचि शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नगरपालिका परिषद की इस पहल की श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे कांवड़ यात्रा के दौरान राहत और सेवा का महत्वपूर्ण केंद्र बताया।

Share This Article