सोशल मीडिया अलर्ट और कंट्रोल रूम की सक्रियता से मिला परिवार, मां ने जताया पुलिस का आभार
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच बिछड़ने की घटनाओं से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्था एक बार फिर कारगर साबित हुई। रामपुर तिराहा के अस्थायी थाने और शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम की त्वरित कार्रवाई से छपार क्षेत्र में अपनी मां से बिछड़ी 16 वर्षीय कांवड़िया युवती को करीब छह घंटे के भीतर सकुशल उसकी मां से मिलवा दिया गया। मां-बेटी के मिलन के बाद दोनों भावुक हो गईं और पुलिस व नगर पालिका की संयुक्त टीम का आभार व्यक्त करते हुए अपनी यात्रा पर आगे बढ़ गईं।
जानकारी के अनुसार, कांवड़ यात्रा के लिए स्थापित अस्थायी थाना रामपुर तिराहा के प्रभारी एसआई सुभाष चंद ने रविवार सुबह सोशल मीडिया के माध्यम से एक सूचना जारी कर बताया कि दिल्ली के तिलक नगर निवासी 16 वर्षीय सुखमणि मेहता अपनी मां नीलम मेहता के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रही थी। छपार क्षेत्र के आसपास भारी भीड़ के दौरान वह अपनी मां से बिछड़ गई। युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी मां शंकर भगवान और हनुमान जी की विशाल प्रतिमा वाली कांवड़ टोली के साथ चल रही थीं, लेकिन भीड़ के कारण उनका संपर्क टूट गया। मां का मोबाइल फोन भी बंद होने के कारण संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा था। इसके बाद पुलिस ने युवती की जानकारी और पहचान सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से प्रसारित करते हुए लोगों से सहयोग की अपील की।

उधर, शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम लगातार बिछड़े श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाने का कार्य कर रहा था। सुबह से चलाए जा रहे खोज अभियान के दौरान करीब छह घंटे बाद युवती की मां नीलम मेहता शिव चौक कंट्रोल रूम पहुंचीं। इसके बाद नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर और पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों की पहचान सुनिश्चित कर मां-बेटी का सुरक्षित मिलन करा दिया। यहां पर कार्यरत नगरपालिका के लिपिक तनवीर आलम और आकाशदीप ने बताया कि अचानक सामने एक-दूसरे को देखकर मां-बेटी भावुक हो गईं और उन्होंने पुलिस तथा प्रशासन की सक्रियता की सराहना करते हुए पूरी टीम का धन्यवाद दिया। अधिकारियों ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए कंट्रोल रूम, सोशल मीडिया नेटवर्क और पुलिस बल लगातार सक्रिय है, जिससे बिछड़े श्रद्धालुओं को शीघ्र उनके परिजनों से मिलवाया जा रहा है।
