THANK YOU-कांवड़ यात्रा में मुजफ्फरनगर पुलिस की सेवा को जनता का सलाम

सोशल मीडिया पर पुलिस के सम्मान में चला अभियान, रविवार को हैशटैग ‘थैंक्यू मुजफ्फरनगर पुलिस’ बना नंबर-1 ट्रेंड

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा केवल आस्था और भक्ति का पर्व नहीं, बल्कि प्रशासन और पुलिस के लिए करोड़ों शिवभक्तों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की बड़ी जिम्मेदारी भी है। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस ने एसएसपी संजय वर्मा के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था के साथ सेवा और संवेदनशीलता का ऐसा उदाहरण पेश किया, जिसकी गूंज सोशल मीडिया तक पहुंची। पुलिसकर्मियों की दिन-रात की ड्यूटी, त्वरित सहायता और कांवड़ियों के प्रति मानवीय व्यवहार की आमजन और शिवभक्तों ने जमकर सराहना की। इसी का परिणाम रहा कि पुलिस के सम्मान में इस्तेमाल किया गया हैशटैग ‘थैंक्यू मुजफ्फरनगर पुलिस’ रविवार 9 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नंबर-1 ट्रेंड बन गया।

इसे भी पढ़ें:  सोहजनी तगान में 23 अगस्त को होगा त्यागी-ब्राह्मण जिला सम्मेलन

हरिद्वार से जल लेकर मुजफ्फरनगर होते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ने वाले करोड़ों शिवभक्त कांवड़ियों की यात्रा को सकुशल और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पुलिस पिछले करीब एक पखवाड़े से लगातार दिन-रात ड्यूटी में जुटी रही। कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ पुलिस ने यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और कांवड़ियों की सुविधा को भी प्राथमिकता दी।

कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की भूमिका केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं रही। विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद कांवड़ियों की मदद, मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने, रास्ता भटकने वाले कांवड़ियों और बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने, मार्ग का लगातार निरीक्षण करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता करने जैसे कार्य किए गए। पुलिसकर्मियों ने कठिन परिस्थितियों में भी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई।
कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस की सक्रियता और सेवा भावना का असर सोशल मीडिया पर भी दिखाई दिया। आमजन और शिवभक्तों ने पुलिस की कार्यशैली, सुरक्षा व्यवस्था और सहायता से जुड़े अनुभवों को सोशल मीडिया पर साझा किया। इन पोस्ट और संदेशों में पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय व्यवहार की विशेष रूप से प्रशंसा की गई।

इसे भी पढ़ें:  एसआईआर नहीं करायाः 11 दिसंबर के बाद भी आप जुड़वा सकते हैं अपनी वोट

पुलिस के सेवा कार्यों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोगों ने संबंधित हैशटैग का इस्तेमाल किया। देखते ही देखते यह अभियान सोशल मीडिया पर तेजी से आगे बढ़ा और रविवार 9 अगस्त को हैशटैग नंबर-1 ट्रेंड बन गया। यह ट्रेंड पुलिस के प्रति जनता के भरोसे और कांवड़ यात्रा के दौरान किए गए सुरक्षा एवं सेवा कार्यों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के रूप में देखा जा रहा है। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस ने ‘सुरक्षा भी, सेवा भी’ की भावना के साथ काम किया। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों ने जहां सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा, वहीं कांवड़ियों की परेशानियों को समझते हुए जरूरत के समय मदद का हाथ भी बढ़ाया। जनता की ओर से सोशल मीडिया पर मिला सम्मान पुलिस के इन प्रयासों की सार्वजनिक स्वीकृति के रूप में सामने आया। मुजफ्फरनगर पुलिस ने कांवड़ यात्रा के दौरान किए गए सुरक्षा, सेवा और सहायता कार्यों के लिए आमजन एवं शिवभक्तों द्वारा व्यक्त किए गए सम्मान और आभार के प्रति धन्यवाद जताया। एसएसपी संजय वर्मा की ओर से कहा गया कि यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जनता तथा शिवभक्तों का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा।

इसे भी पढ़ें:  'लड़का होना बड़ा गुनाह, कोई आपकी नहीं सुनता', जान देने से पहले वीडियो में युवक का दर्द
Share This Article