कांवड़ियों के लिए जहीर फारूकी की आवाज को राकेश टिकैत ने दिया दम

कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे बिजली आपूर्ति की मांग को राकेश टिकैत से भी मिला समर्थन

भाकियू प्रवक्ता ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर महाशिवरात्रि तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की उठाई मांग

मुजफ्फरनगर। पवित्र श्रावण मास में लाखों शिवभक्त कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर कांवड़ मार्ग पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। नगर पंचायत पुरकाजी के चेयरमैन एवं भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव जहीर फारूकी एडवोकेट द्वारा उठाई गई इस मांग को अब भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का भी समर्थन मिल गया है। राकेश टिकैत ने श्रावण मास के प्रथम सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के सभी प्रमुख कांवड़ मार्गों पर महाशिवरात्रि तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।

इसे भी पढ़ें:  पुजारी हत्याकांड के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, 24 घंटे में गिरफ्तारी

करीब तीन दिन पहले चेयरमैन जहीर फारूकी ने कांवड़ मार्ग पर लगातार हो रही विद्युत कटौती का मुद्दा उठाते हुए सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर और विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में उन्होंने यूपी बॉर्डर भूराहेड़ी से लेकर पुरकाजी नगर तक कांवड़ मार्ग पर चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति बनाए रखने की मांग की थी, ताकि रात्रि के समय भी शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

अब इसी मांग को आगे बढ़ाते हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पत्र में कहा है कि मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, शामली सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक जनपदों से होकर देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल कांवड़ यात्रा गुजरती है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों श्रद्धालु अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं।

इसे भी पढ़ें:  शिक्षामित्र मानदेय वृद्धि पर सीएम योगी का बड़ा फैसला

ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु यात्रा व्यवस्था के लिए सभी संबंधित बिजलीघरों से महाशिवरात्रि तक 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने के तत्काल आदेश जारी किए जाएं। भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अपने पत्र में मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कांवड़ मेले की विशालता और धार्मिक महत्व को देखते हुए इस विषय पर गंभीरता से संज्ञान लिया जाए तथा जिन-जिन जनपदों से कांवड़ यात्रा गुजरती है, वहां विद्युत कटौती पूरी तरह रोककर निरंतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

उधर, नगर पंचायत पुरकाजी के चेयरमैन जहीर फारूकी वर्षों से कांवड़ यात्रा के दौरान यूपी बॉर्डर भूराहेड़ी से पुरकाजी नगर तक शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा-सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं कराने के लिए जाने जाते हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के स्वागत, सुविधा और सहयोग की उनकी पहल क्षेत्र में हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल मानी जाती है। कांवड़ियों की सेवा और सत्कार के माध्यम से वे सामाजिक सौहार्द का संदेश भी लगातार देते आ रहे हैं। अब राकेश टिकैत द्वारा भी जहीर फारूकी की मांग का समर्थन किए जाने के बाद कांवड़ मार्ग को विद्युत कटौती मुक्त बनाए जाने की मांग को और मजबूती मिली है। इससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-सपा और बसपा ने दलितों के हक में उठाई आवाज
Share This Article