अंडर-19 बॉयज़ वर्ग में किया शानदार प्रदर्शन, प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने दी शुभकामनाएं, विद्यालय में हुआ भव्य स्वागत
मुजफ्फरनगर। एम.जी. पब्लिक स्कूल के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब विद्यालय के कक्षा 11 के छात्र वंश धीमान ने सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन बॉक्सिंग प्रतियोगिता-2026 के अंडर-19 बॉयज़ वर्ग में उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। छात्र वंश की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
एम.जी. पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल, देहरादून में आयोजित सीबीएसई नॉर्थ ज़ोन बॉक्सिंग प्रतियोगिता-2026 में विद्यालय के कक्षा-11 कॉमर्स-सी के छात्र वंश धीमान ने अपने दमदार प्रदर्शन से यह उपलब्धि हासिल कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। छात्र वंश धीमान की इस उपलब्धि में विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं बॉक्सिंग कोच कुलदीप कुमार का भी सराहनीय योगदान रहा।

प्रतियोगिता में पदक जीतकर विद्यालय लौटने पर छात्र वंश धीमान का विद्यालय परिवार की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। प्रधानाचार्या श्रीमती मोनिका गर्ग ने उन्हें सम्मानित कर उनकी उपलब्धि की सराहना की तथा अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वंश की यह सफलता उसके कठिन परिश्रम, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि उसके परिवार के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने वंश को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य और आगामी प्रतियोगिताओं में स्वर्णिम सफलता की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि वंश धीमान भविष्य में भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेगा।
