नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के आवास पर वोटर पंजीकरण कैम्प का शुभारंभ

मीनाक्षी स्वरूप और गौरव स्वरूप ने की घर से ही वोटर पंजीकरण की पहल, खुद बैठकर बनवाये नागरिकों के वोट

मुजफ्फरनगर। लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में शामिल होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य को लेकर उत्तर प्रदेश में चल रहे विशेष प्रगाढ़ मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत नगर में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगरपालिका परिषद् की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप पटेलनगर नई मंडी में मतदाता पंजीकरण कैम्प का शुभारंभ किया गया, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों ने आकर अपने वोट बनवाने का काम किया। पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने स्वयं बैठकर नागरिकों का मार्गदर्शन किया और उनके वोट बनवाए। कैम्प का उद्देश्य नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना तथा नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना रहा।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में भारी बारिश के चलते शुक्रवार को भी सभी विद्यालय बंद

रविवार को पटेलनगर में अपने आवास पर शुरू किये गये वोटर पंजीकरण कैम्प के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप स्वयं उपस्थित रहे और कैम्प में आए नागरिकों के बीच बैठकर वोट बनवाने की प्रक्रिया को नजदीक से देखा। उन्होंने मौके पर मौजूद युवाओं, महिलाओं एवं पहली बार मतदान करने वाले पात्र नागरिकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई और फार्म भरवाने में सहयोग किया। इस अवसर पर नागरिकों को मतदान के महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना लोकतंत्र में भागीदारी का पहला और सबसे महत्वपूर्ण कदम है। अधिक से अधिक लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए घर से ही वोटर पंजीकरण जैसी सुविधा उपलब्ध कराना इस अभियान की विशेषता रही।

इसे भी पढ़ें:  यूपी शीतकालीन अवकाश: 29 दिसंबर से 1 जनवरी तक सभी स्कूल बंद

नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा। नए मतदाताओं को जागरूक करना और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। घर-घर और मोहल्लों में इस प्रकार के कैम्प लगाकर हम लोकतांत्रिक सहभागिता को और मजबूत कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे आगे आकर न केवल अपना वोट बनवाएं, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं बल्कि जिम्मेदारी भी है। देश और प्रदेश के विकास में प्रत्येक मतदाता की भूमिका अहम होती है। ऐसे कैम्प लोगों को सुविधा देने के साथ-साथ उन्हें यह एहसास भी कराते हैं कि उनका एक वोट लोकतंत्र की दिशा तय कर सकता है। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जाना चाहिए ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। बताया कि यह कैम्प निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशन अनुसार तय समयावधि तक चलाया जायेगा। यहां नागरिक अपना एक फोटो, आधार कार्ड के साथ आकर वोटर पंजीकरण करा सकता है।

इसे भी पढ़ें:  पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर बैंककर्मियों का प्रदर्शन, एकदिवसीय हड़ताल

इस दौरान मुख्य रूप से युवा भाजपा नेता विकल्प जैन, सभासद राजीव शर्मा, मनोज वर्मा, मौहम्मद खालिद, मोहित मलिक, समाजसेवी अनिल ऐरन के अलावा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे और नागरिकों का मार्गदर्शन किया। कैम्प में स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और बड़ी संख्या में नए मतदाताओं ने अपना पंजीकरण कराया। आयोजन को लेकर क्षेत्रवासियों ने भी सराहना व्यक्त की और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की।

Share This Article