मोरना। थाना क्षेत्र के गांव मलपुरा में एक दर्दनाक हादसे में ननिहाल में आई तीन वर्षीय बालिका की छत से गिरकर मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की मौत से मलपुरा और खेड़ी फिरोजाबाद दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। देर शाम गमगीन माहौल में बालिका के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। ककरौली थाना क्षेत्र के गांव खेड़ीफिरोजाबाद निवासी जान मोहम्मद की तीन वर्षीय पुत्री सायमा गुरुवार को अपनी मां शाहजहां और पिता के साथ भोपा थाना क्षेत्र के गांव मलपुरा में अपने मामा साजिद के घर आई हुई थी। बताया गया कि कुछ देर बाद बालिका के माता-पिता दवाई लेने के लिए मोरना चले गए। इस दौरान मासूम सायमा घर के अन्य बच्चों के साथ मकान की छत पर खेल रही थी। खेलते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जा गिरी। हादसे में बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बालिका को नजदीकी निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसे मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए बेगराजपुर स्थित अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया। तीन वर्षीय बेटी की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं मामा साजिद सहित आबिद, गुलसनव्वर, वासिब और साबिर व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। देर शाम परिजन बालिका के शव को उसके पैतृक गांव खेड़ी फिरोजाबाद ले गए, जहां गमगीन माहौल में उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
