कांवड़िया बनकर श्रद्धालुओं के मोबाइल चुराने वाले दो शातिर गिरफ्तार

खालापार पुलिस ने आठ घंटे में किया चोरी की दो वारदातों का खुलासा, आठ मोबाइल समेत चोरी का सामान बरामद

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को थाना खालापार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए कांवड़ियों का वेश धारण कर चोरी की घटनाएं की थीं। पुलिस ने महज आठ घंटे के भीतर दोनों मामलों का खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है।

एसएसपी संजय वर्मा ने गुरूवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया के साथ यह गुडवर्क साझा किया। एसएसपी के अनुसार, 5 अगस्त को थाना खालापार क्षेत्र में दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं की शिकायत मिली थी। पहली घटना में हापुड़ जिले के पिलखुवा निवासी नरेंद्र उर्फ छोटू ने बताया कि वह हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौटते समय मीनाक्षी चौक स्थित एक जूस की दुकान पर रुका था। इस दौरान उसने अपना बैग दुकान पर रख दिया, जिसमें पहचान पत्र, दोस्तों के मोबाइल फोन और करीब दो हजार रुपये रखे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने बैग चोरी कर लिया।

इसे भी पढ़ें:  दुल्हेंडी 4 मार्च को, चंद्र ग्रहण से बदली तिथि

वहीं दूसरी घटना में किदवईनगर निवासी निजाम ने पुलिस को बताया कि उसके घर से बड़े वाहन में इस्तेमाल होने वाला जैक और डिश/केबल का तार चोरी हो गया है। दोनों घटनाओं के संबंध में थाना खालापार पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की। घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी शामली बाईपास रोड स्थित वहलना पुल के नीचे मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बिलाल पुत्र नज्जू उर्फ नजाकत निवासी किदवईनगर, थाना खालापार और असगर पुत्र अजमल निवासी मोरसदर, थाना कोतवाली मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-आधार से जुड़ी परेशानी का समाधान अब होगा आसान

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कांवड़िया बनकर मीनाक्षी चौक के पास से एक श्रद्धालु का बैग चोरी किया था। बैग में मिले छह टच स्क्रीन मोबाइल, दो कीपैड मोबाइल और नकदी को आपस में बांट लिया था। इसके बाद उन्होंने एक घर से जैक और डिश केबल का तार भी चोरी किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन, एक काला बैग, आधार कार्ड व पैन कार्ड की छायाप्रति, 700 रुपये नकद, बड़ा जैक, डिश/केबल तार और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी बिलाल का पहले भी आर्म्स एक्ट समेत कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि असगर के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में थाना प्रभारी खालापार बबलू सिंह सहित उपनिरीक्षक राकेश कुमार और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-तहसील दिवस में ग्रामीण ने बदन पर डाला तेल और फिर.....
Share This Article