एक लाख की नकली करेंसी के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार

बुढ़ाना पुलिस ने वैगनआर कार से पकड़े आरोपी, नकली नोटों की सप्लाई चेन का हुआ खुलासा

मुजफ्फरनगर। बाजार में नकली नोटों को खपाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का थाना बुढ़ाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक लाख रुपये कीमत की नकली करेंसी, एक वैगनआर कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने नकली नोटों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क का खुलासा किया है।

पुलिस के अनुसार, थाना बुढ़ाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग वैगनआर कार में नकली नोट लेकर खतौली की ओर से आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान खतौली रोड स्थित बसी गेट के पास एक संदिग्ध वैगनआर कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोकने का इशारा किया, लेकिन उसमें बैठे लोगों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सालिम पुत्र हाफिज इमरान और माजिद पुत्र फारुख निवासी ग्राम कैली, थाना दौराला, मेरठ तथा जिशान पुत्र गुलजार निवासी ग्राम जौला, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-किसान दिवस पर उठा नकली खाद का मुद्दा

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से 500-500 रुपये के 200 नकली नोट मिले, जिनकी कुल कीमत एक लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल वैगनआर कार और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे मवाना निवासी अपने साथियों साहिल और शाहनवाज के माध्यम से नकली नोट प्राप्त करते थे। आरोपियों के अनुसार एक लाख रुपये की नकली करेंसी करीब 40 हजार रुपये में खरीदी जाती थी और फिर उसे बाजार में चलाकर मुनाफा कमाया जाता था।

इसे भी पढ़ें:  बदायूं डबल मर्डर: 'कातिल' की 6 दुकानों पर चलेगा बुलडोजर, शस्त्र लाइसेंस किए जाएंगे निरस्त

पूछताछ में यह भी सामने आया कि नकली नोटों की सप्लाई बंगलौर से कुरियर के माध्यम से की जाती थी। आरोपी फर्जी नाम-पते का इस्तेमाल कर कुरियर प्राप्त करते थे और ऑनलाइन माध्यम से भुगतान करते थे। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। थाना बुढ़ाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है। पुलिस टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी बुढ़ाना सुभाष अत्री ने किया। टीम में उपनिरीक्षक ललित कुमार, सूर्यप्रताप सिंह, छविकांत, तेजवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

इसे भी पढ़ें:  छुट्टी पर आये फौजी ने अधेड़ की हत्या कर शव गंगनहर में फेंका
Share This Article