चकबंदी कार्यालय में अनोखा धरना, चारपाई और मच्छरदानी लेकर पहुंचे किसान

मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने का ऐलान, किसानों के पहुंचने से पुलिस-प्रशासन में मचा हड़कंप

मुजफ्फरनगर। अपनी मांगों के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने चकबंदी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन को लेकर किसान इस बार अलग अंदाज में नजर आए। किसान अपने ट्रैक्टरों पर चारपाई, मच्छरदानी और धरने के लिए जरूरी सामान लादकर चकबंदी कार्यालय पहुंचे और वहीं डेरा डाल दिया।
धरने का नेतृत्व भाकियू नेता एवं जिला पंचायत सदस्य पति विकास शर्मा निवासी रोनी हरजीपुर ने किया। किसानों ने चकबंदी विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। किसान नेताओं का कहना है कि लंबे समय से उनकी समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।
किसानों ने स्पष्ट किया कि इस बार वे केवल औपचारिक धरना देकर वापस लौटने वाले नहीं हैं। मांगों के समाधान तक कार्यालय परिसर में ही डटे रहने की तैयारी के साथ किसान चारपाई और मच्छरदानी लेकर पहुंचे हैं। इससे संकेत है कि आंदोलन को लंबा खींचने की तैयारी की गई है।
चकबंदी कार्यालय पर बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने और धरना शुरू होने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में भी हलचल बढ़ गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नजर बनाए रखी। वहीं, किसानों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। किसान नेताओं ने प्रशासन से चकबंदी से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है। धरने के चलते चकबंदी कार्यालय में भी गतिविधियां प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है। किसानों के रुख को देखते हुए प्रशासन और भाकियू पदाधिकारियों के बीच वार्ता की संभावना भी बनी हुई है।

इसे भी पढ़ें:  सहायक अध्यापक परीक्षा की कॉपियों को कूड़ा गाड़ी में ढुलवाया, डीएम भड़के
Share This Article