रैदासपुरी में किराये के मकान में बेसुध मिला युवक, मेरठ में उपचार के दौरान तोड़ा दम
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रैदासपुरी मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। वहीं पत्नी पक्ष ने आरोपों को निराधार बताते हुए दावा किया कि युवक ने स्वयं जहरीले पदार्थ का सेवन किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी बताई जा रही पत्नी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रैदासपुरी में किराये के मकान में रह रहे एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पारिवारिक विवादों के लंबे इतिहास के बीच हुई इस घटना ने दोनों पक्षों को आमने-सामने ला दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही आरोप-प्रत्यारोप और मारपीट की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। जानकारी के अनुसार रैदासपुरी निवासी मोनू कुमार (30) पुत्र रामचरण की शादी छह वर्ष पूर्व वहलना निवासी रामपाल की पुत्री पूजा के साथ हुई थी। दंपति का एक पांच वर्षीय पुत्र भी है।
बताया जाता है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के संबंधों में तनाव बना हुआ था। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके चलते मोनू को जेल भी जाना पड़ा था। करीब छह माह बाद जमानत पर रिहा होने के पश्चात सामाजिक समझौते के तहत दोनों परिवार से अलग रैदासपुरी में किराये के मकान में रहने लगे थे।
परिजनों के अनुसार रविवार रात मोनू और उसकी पत्नी पूजा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि झगड़े के दौरान पूजा ने मोनू को कोई जहरीला पदार्थ दे दिया और इसके बाद अपने मायके चली गई। देर रात जब मोनू की हालत बिगड़ी तो मकान मालिक ने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे जिला चिकित्सालय ले गए, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ में उपचार के दौरान मोनू की मौत हो गई।

सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन शव लेकर रैदासपुरी पहुंचे तो वहां पूजा भी अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ पहुंच गई। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। मृतक पक्ष के लोगों ने पूजा और उसके परिजनों पर मारपीट तथा हमला करने का आरोप लगाया। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पूजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के पिता ने अपनी पुत्रवधू के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य चिकित्सकीय दस्तावेजों का इंतजार किया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में पूजा और उसके परिजनों का कहना है कि झगड़े के दौरान मोनू ने स्वयं गुस्से में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






