34 मोतियाबिंद मरीजों का निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयन, रोगियों को दवाईयों का भी हुआ वितरण
मुजफ्फरनगर। एम.जी. पब्लिक स्कूल परिसर में रविवार 22 नवम्बर, 2026 को निःशुल्क मासिक नेत्र रोग चिकित्सा शिविर का शुभारंभ एम.जी. चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश चंद गोयल द्वारा किया गया। इस अवसर पर एम.जी. पब्लिक स्कूल प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष विनीत सिंघल, कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल, पूजा सिंघल, वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय, प्रेमपुरी जनपद मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष शिवचरण दास गर्ग, योगेन्द्र कुमार जैन मौजूद रहे। प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने सभी अतिथियों एवं चिकित्सक तथा चिकित्सा कर्मियों, यहां उपचार लाभ प्राप्त करने के लिए आये नेत्र रोगियों का स्वागत किया।

एम.जी. पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या मोनिगा गर्ग ने बताया कि प्रत्येक माह के चौथे रविवार को वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय, प्रेमपुरी जनपद मुजफ्फरनगर के सहयोग से विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय हरबंस लाल गोयल एवं स्वर्गीय विमलावती देवी की पुण्य स्मृति में आँखों के निःशुल्क विराट चिकित्सा कैंप का आयोजन नियमित रूप से किया जा रहा है। वरदान नेत्र चिकित्सालय, प्रेमपुरी की वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. स्वाति अग्रवाल (एम.बी.बी.एस, एम.एस.) के द्वारा शिविर में रोगियों के नेत्रों का परीक्षण कर उनको उचित उपचार परामर्श के साथ ही चिकित्सा सेवा प्रदान की जा रही हैं।
नवम्बर माह के मासिक शिविर में कुल 61 नेत्र रोगियों को डॉ. स्वाति अग्रवाल द्वारा उचित परामर्श प्रदान करते हुए आवश्यकता के आधार पर दवाईयों का निःशुल्क वितरण भी किया। शिविर में 34 लोगों की आंखों में मोतियाबिंद की शिकायत पाये जाने पर उनकी इच्छा से निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। विद्यालय में आगामी नेत्र चिकित्सा शिविर 27 दिसम्बर, 2026 को सुबह 10 बजे से आयोजित किया जायेगा।

इस दौरान मुख्य रूप से एम.जी. चौरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश चंद गोयल, एम.जी. पब्लिक स्कूल प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष विनीत सिंघल, कोषाध्यक्ष रोहित सिंघल, पूजा सिंघल, वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय प्रेमपुरी के अध्यक्ष शिवचरण दास गर्ग, योगेन्द्र जैन मौजूद रहे। शिविर आयोजन में वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. स्वाति अग्रवाल के साथ उनके सहयोगी चिकित्सा कर्मियों के अलावा विद्यालय स्टाफ से कविता रावल, रितु शर्मा, पूजा शर्मा, वारिका शर्मा, कामिनी, राजीव शर्मा, अवनीश कुमार और विपिन जैन सहित अन्य स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
