ग्रामीणों में फैली सनसनी, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा; मामले की जांच शुरू
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित बरवाला गांव के जंगल में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव हाईटेंशन लाइन के टावर से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेतों पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
शाहपुर थाना क्षेत्र के गांव बरवाला के जंगलों में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक युवक का शव हाईटेंशन लाइन के टावर से लटका हुआ देखा। सुबह के समय किसान और ग्रामीण खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान गन्ने के खेत के बीच बने बिजली के टावर पर युवक का शव लटका दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना प्राप्त होते ही हरसौली चौकी प्रभारी विकास चौधरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक जांच-पड़ताल की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक युवक की पहचान और मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण मामले के शीघ्र खुलासे की मांग कर रहे हैं।






