मुजफ्फरनगर-रिटायर्ड दरोगा के घर डाका-सोना और चांदी के साथ डायमंड साफ

बुढ़ाना में ढाई करोड़ की सनसनीखेज चोरी से दहशत, 70 तोला सोना और 5 किलो चांदी ले गए चोर, 10 दिन से शामली गया था परिवार, बंद मकान का ताला तोड़कर घुसे चोर, बेटे की शादी के लिए खरीदे थे गहने

मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में चोरों ने रिटायर्ड दरोगा के बंद मकान को निशाना बनाकर करीब ढाई करोड़ रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में दाखिल हुए और चार कमरों के ताले तोड़कर अलमारियों व बक्सों में रखे सोने-चांदी और डायमंड के आभूषण समेत नकदी व महंगी साड़ियां चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में बेटे की नवंबर में होने वाली शादी के लिए खरीदे गए आभूषण और दुल्हन का लहंगा व गाउन भी शामिल हैं।

वारदात बुढ़ाना तहसील के पीछे स्थित रिटायर्ड दरोगा देशपाल चौधरी के मकान में हुई। देशपाल चौधरी वर्ष 2017 में शामली के झिंझाना थाने से यूपी पुलिस से सेवानिवृत्त हुए थे। वह करीब 10 दिन पहले पत्नी कुसुमलता के साथ शामली में अपने साले के घर गए थे। इसी दौरान मकान बंद था। शुक्रवार सुबह पड़ोसी विनय ने मकान का मुख्य दरवाजा खुला और ताला टूटा देखा। उन्होंने तत्काल देशपाल चौधरी को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार मौके पर पहुंचा। घर के अंदर जाने पर कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। अलमारियों और बक्सों की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में आभूषण और अन्य सामान गायब मिला।

इसे भी पढ़ें:  मुज़फ्फरनगर-भोली-भाली महिलाओं को लोन दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

रिटायर्ड दरोगा देशपाल चौधरी के मुताबिक, चोरों ने पहले हथौड़े से मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा। इसके बाद अंदर के दरवाजे को कटर की मदद से काटकर घर में प्रवेश किया। चोरों ने चार कमरों के दरवाजों पर लगे ताले तोड़े और फिर अलमारियों तथा बक्सों को खंगाला। चोरों ने घर में रखे कीमती सामान को चुन-चुनकर निशाना बनाया। परिजनों के अनुसार, चोर करीब 60 से 70 तोला सोने की ज्वेलरी, डायमंड का हार, करीब पांच किलो चांदी के आभूषण, ढाई लाख रुपये की नकदी और महंगी साड़ियां चोरी कर ले गए। इसके अलावा नवंबर में होने वाली बेटे हेमंत की शादी के लिए खरीदे गए आभूषण भी चोरी हो गए। परिजनों ने चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई है।

इसे भी पढ़ें:  ई-कार्ट लॉजिस्टिक्स कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की उठाई मांग

रिटायर्ड दरोगा के बेटे हेमंत की नवंबर में रुड़की में शादी होनी है। शादी की तैयारियों के लिए घर में काफी सामान और आभूषण खरीदकर रखे गए थे। चोर करीब 40 हजार रुपये कीमत का दुल्हन का लहंगा और करीब 35 हजार रुपये का गाउन भी ले गए। इसके साथ ही परिवार की दोनों बेटियों और माता-पिता के जेवरात भी चोरी हो गए। देशपाल चौधरी के परिवार में पत्नी कुसुमलता, दो बेटियां नीतू और कामिनी तथा बेटा हेमंत हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। परिवार के अनुसार, घर में रखे बेटियों के जेवरात भी चोरी हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही बुढ़ाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास के कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही चोरी हुए सामान की वास्तविक कीमत और पूरी सूची भी तैयार की जा रही है।

इसे भी पढ़ें:  भारत-अमेरिका एग्रीकल्चर ट्रेड डील किसानों के लिए ‘डेथ वारंट- राकेश टिकैत
Share This Article