मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शहर में किया आरसीसी सड़क का लोकार्पण

मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को वाल्मीकि बस्ती में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने शहर के दो मौहल्लों में नवनिर्मित आरसीसी सड़क का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।


वाल्मीकि समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए मंत्री ने अपनी विधायक निधि से वाल्मीकि बस्ती में निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। क्षेत्रवासियों को लंबे समय से जर्जर सड़कों की परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब नवनिर्मित सड़क से आवागमन सुगम हुआ है और विकास की नई राह खुली है। इस अवसर पर वाल्मीकि समाज की महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर मंत्री का भव्य स्वागत किया। जनसमुदाय ने इस कार्य के लिए हृदय से आभार प्रकट किया। इसके बाद भाजपा के हनुमत मंडल, आबकारी मोहल्ला स्थित भगवान वाल्मीकि धर्मशाला में अनुसूचित मोर्चा द्वारा आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सहभागिता की। उन्होंने अपने संबोधन में मोदी सरकार के 11 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की।

मंत्री ने कहा ने कहा कि 2014 से 2025 तक का यह कालखंड सिर्फ योजनाओं का नहीं, बल्कि जमीनी बदलावों का है। गरीबों के खातों में सीधा पैसा पहुँचा, हर घर में शौचालय, बिजली, जल और गैस की सुविधा मिली। गांव-गांव तक सड़कें और इंटरनेट पहुँचा। भारत ने वैश्विक मंच पर एक नई पहचान बनाई है। मंत्री ने अनुसूचित समाज के सशक्तिकरण हेतु मोदी सरकार की कई योजनाओं को गिनाया, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वनिधि योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, अंबेडकर सामाजिक नवाचार मिशन शामिल हैं। कहा कि इन योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाई है। मंत्री कपिल देव ने सभी से सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को आत्मसात करते हुए विकसित भारत की ओर मिलकर कदम बढ़ाने का आह्वान किया।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-पालिका में घुसे ‘विभीषण’ से परेशान हुए कर्मचारी


इसके अलावा मौहल्ला दक्षिणी कृष्णापुरी रोड स्थित स्वामी विवेकानंद मार्ग का लोकार्पण किया व विद्युत विभाग के अधिकारियों को आपूर्ति सुचारु रूप से सुनश्चित करने, विधुत पोल शिफ्टिंग व क्षेत्र में जर्जर तारों, ट्रांसफॉर्मर की स्थिति का सर्वेक्षण करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि क्षेत्र के हर नागरिक को मूलभूत सुविधाएं जैसे सड़क, बिजली, जल व स्वच्छता पूर्ण रूप से उपलब्ध हों। प्रदेश की योगी सरकार जन-जन के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने के लिए जुटी है और इसी भावना से विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष दीपक मित्तल, मण्डल महामंत्री राधे वर्मा, क्षेत्रीय सभासद राजीव शर्मा, योगेश मित्तल, मोहित मलिक, प्रशांत चौधरी, युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष निकुंज सिंघल, क्रांतिकारी शालू सैनी, हरगोपाल कश्यप, रामपाल सेन, रोहित जैन, आयुष पहलवान आदि देवतुल्य भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिकगण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

इसे भी पढ़ें:  PALIKA IMPACT-तीन महीने में शहर के छह कूड़ा डलावघर बंद
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *