रामपुरी में पागल कुत्ते का आतंकः दर्जनों घायल, प्रशासन बेखबर

मुजफ्फरनगर। शहर के मौहल्ला रामपुरी में स्थित राजकन्या इंटर कॉलेज वाली गली में एक पागल कुत्ते का आतंक लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बीते कुछ दिनों में उक्त गली में कुत्ते ने दर्जनों लोगों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घायलों में अधिकांश बच्चे, बुज़ुर्ग और महिलाएं शामिल हैं, जिससे मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों ने इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग, पालिका और अन्य स्तर पर शिकायत की, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं होने पर अब डीएम वार रूम को शिकायत भेजी गई है और इस घातक होते कुत्ते को पकड़वाने का आग्रह किया है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-कंपनी के नाम पर शहर के मौहल्लों से हो रही अवैध वसूली

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्ता कई बार गली के अंदर और बाहर घूमते हुए लोगों पर अचानक हमला कर देता है। कई बच्चों को सिर, हाथ और पैरों पर गहरे घाव आए हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, परंतु अब तक नगर निगम अथवा पशु चिकित्सा विभाग द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। गलीवासियों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने नगर पालिका कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी हैं, लेकिन किसी ने भी मौके पर आकर स्थिति का जायजा नहीं लिया। यहां तक कि मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करवाई गई है, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय निवासी संजीव कुमार का कहना है कि हमने कई बार अधिकारियों को फोन किया, शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई भी अधिकारी देखने तक नहीं आया। मोहल्ले के बच्चे अब स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं। गली में अब भी वही कुत्ता बेखौफ घूम रहा है और किसी को भी अपना शिकार बना लेता है। लोगों में इस बात को लेकर भी चिंता है कि यदि समय रहते प्रशासन ने इस पर काबू नहीं पाया तो यह स्थिति और भयावह हो सकती है। खासकर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर मोहल्ले में भारी असंतोष और डर का माहौल बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि नगर पालिका की टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और पागल कुत्ते को पकड़कर उचित इलाज या निष्कासन की कार्रवाई करे, ताकि गलीवासियों को राहत मिल सके और किसी की जान को और खतरा न हो।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-आये दिन धरनों से तंग आये उद्योगपतियों में आक्रोश
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *