गूगल मैप ने फिर भटकाया… बिजली के खंभे से भिड़ी श्रद्धालुओं की कार

कौशांबी- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक बार फिर गूगल मैप ने धोखा दे दिया। गूगल मैप की गड़बड़ी से महाकुंभ के श्रद्धालु रास्ता भटक कर कौशाम्बी आ गए। कोहरे में उनकी कार एक बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में मामूली रूप से जख्मी श्रद्धालुओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में सभी दूसरे वाहन से कुंभ मेला क्षेत्र को चले गए। बिहार प्रांत के गया जिले के रहने वाले जगदंबिका पाल पत्नी व बेटे के साथ सोमवार को मकर संक्रांति पर अमृत स्नान कर पुण्य की डुबकी लगाने महाकुंभ के लिए कार से निकले। वह गूगल मैप के सहारे महाकुंभ जा रहे थे। प्रयागराज क्षेत्र के समीप अचानक गूगल मैप की वजह से वह रास्ता भटककर सरायअकिल आ गए। सोमवार रात करीब दो बजे घना कोहरा होने के कारण उनकी कार सरायअकिल के बेनीराम कटरा के पास सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से भिड़ गई। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। जगदंबिका पाल व उनकी पत्नी को भी चोटें आईं। बेनीराम कटरा चौराहे पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने घायलों को एंबुलेंस से करारी पीएचसी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार कराने के बाद तीनों लोग दूसरे वाहन से महाकुंभ के लिए रवाना हो गए।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज के सीएमएस से 36.88 लाख की ठगी, मुकदमा दर्ज

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *