मौत बनकर दौड़ते ओवरलोड गन्ना वाहनों पर शिकंजा, चार वाहन सीज

एसपी देहात ने बताया कि संबंधित सभी शुगर मिलों को नोटिस जारी कर अवगत कराया जाएगा कि ओवरलोड वाहनों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए

मुजफ्फरनगर। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में ओवरलोड वाहनों एवं कोहरे के कारण हो रही दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें:  संतों के जीवन पर बन रही फिल्म सनातन ज्ञान और भक्ति का संदेशः ममता अग्रवाल

एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि इस अभियान के क्रम में शनिवार को थाना बुढ़ाना पुलिस एवं थाना शाहपुर पुलिस द्वारा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान गन्ने से भरे 03 ओवरलोड ट्रक तथा 01 ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया। जांच के दौरान सभी वाहन निर्धारित मानक से अधिक भार वहन करते पाए गए, जिससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की प्रबल संभावना बनी रहती है।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-गौकशों से मुठभेड़-तीन दबोचे, दो बदमाश गोली लगने से घायल

उक्त 04 ओवरलोड वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। सीज किये गये वाहनों में 01 ट्रक नम्बर यूके 17 सीए 6566, 01 ट्रक नम्बर यूपी 37 टी 9424, 01 ट्रक नम्बर यूपी 15 एफटी 2051 और 01 ट्रैक्टर ट्राली शामिल हैं। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि यातायात नियमों का पालन करें, ओवरलोड वाहनों का प्रयोग न करें तथा सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। ओवरलोडिंग एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसपी देहात ने बताया कि संबंधित सभी शुगर मिलों को नोटिस जारी कर अवगत कराया जाएगा कि ओवरलोड वाहनों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहनों का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए।

इसे भी पढ़ें:  Muzaffarnagar: पुरकाजी बाईपास के सीएनजी पंप पर कर्मचारियों ने की दबंगई
Share This Article