अत्याधुनिक बहुआयामी ऑडिटोरियम की पहली झलक ने किया दीवाना

राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों संग किया स्थलीय निरीक्षण, डीपीआर पर हुई विस्तृत चर्चा, ऑडिटोरियम का नक्शा जारी

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शहर को जल्द ही उसका पहला अत्याधुनिक बहुआयामी ऑडिटोरियम मिलने जा रहा है। 27 करोड़ रुपये की बड़ी लागत से बनने वाला यह ऑडिटोरियम न केवल सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, बल्कि शहर की आधारभूत संरचना को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।

मुजफ्फरनगर में वर्षों से प्रतीक्षित पहले ऑडिटोरियम की भव्य रूपरेखा अब सामने आ गई है। उत्तर प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार तथा नगर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष कविता मीणा और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर के साथ महावीर चौक स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जी.आई.सी.) मैदान पर चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। यह निरीक्षण ऑडिटोरियम के प्रस्तावित शिलान्यास से पूर्व किया गया। निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान भवन की संरचना, आधुनिक सुविधाएं, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा मानक, पार्किंग, दर्शक क्षमता तथा निर्माण की समयसीमा जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गंभीर मंथन किया गया।

इसे भी पढ़ें:  पीएम मोदी के मन की बात दे रही राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की प्रेरणाः गौरव स्वरूप

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने बताया कि सरकूलर रोड स्थित जीआईसी परिसर में लाइब्रेरी के समीप लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से यह अत्याधुनिक बहुआयामी ऑडिटोरियम निर्मित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों, पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि यह महत्वाकांक्षी परियोजना जनअपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी उतर सके। इस अवसर पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल द्वारा ऑडिटोरियम का प्रस्तावित नक्शा भी जारी किया गया। नक्शा सामने आते ही शहरवासियों में उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इसे भाजपा सरकार के विकास कार्यों का प्रतीक बताया। पहली झलक में ही ऑडिटोरियम की भव्यता और आधुनिक स्वरूप ने सभी को प्रभावित किया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-24 घंटे में पशु चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

प्रस्तावित ऑडिटोरियम में शैक्षणिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों, सेमिनार, नाट्य प्रस्तुतियों, संगीत संध्या एवं सामाजिक आयोजनों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह केंद्र विद्यार्थियों, युवाओं, कलाकारों और सामाजिक संगठनों के लिए एक सशक्त मंच के रूप में उभरेगा। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना मुजफ्फरनगर के समग्र विकास को नई दिशा देगी। इससे न केवल शहर की सांस्कृतिक चेतना को बल मिलेगा, बल्कि बौद्धिक विमर्श और सामुदायिक सहभागिता भी सुदृढ़ होगी। ऑडिटोरियम के निर्माण से मुजफ्फरनगर की पहचान एक आधुनिक और विकसित शहर के रूप में और अधिक मजबूत होगी।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-शिव चौक पर डाक कांवड़ियों से लाठी-डंडे और फरसे जब्त
Share This Article