भारतीय किसान यूनियन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नई नियुक्तियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि नई टीम किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी
मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए लगातार संगठनात्मक बदलाव कर रहे हैं। इसी कड़ी में सहारनपुर मंडल की कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई है। भारतीय किसान यूनियन के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार सहारनपुर मंडल अध्यक्ष चौधरी अशोक कुमार द्वारा मंडल कार्यकारिणी का पुनर्गठन किया गया। इस दौरान संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे चौधरी शक्ति सिंह को सहारनपुर मंडल का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
चौधरी शक्ति सिंह इससे पूर्व जिला मीडिया प्रभारी के रूप में कार्य कर चुके हैं। उनकी प्रभावशाली लेखनी सटीक भाषा शैली संगठनात्मक समझ और मंच संचालन क्षमता को देखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन में उनकी नियुक्ति को मीडिया और संचार व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके साथ ही सहारनपुर मंडल में अन्य पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं जिससे संगठन की गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।
सहारनपुर मंडल के नव नियुक्त पदाधिकारियों में दीपक कुमार गांव टिकरोल जिला सहारनपुर को मंडल उपाध्यक्ष, शेर सिंह प्रधान रामपुर मनिहारन को मंडल उपाध्यक्ष, राव अमजद अली गांव निवादा जिला सहारनपुर को मंडल महासचिव, नवनीत सैनी गांव हाड़ी जिला सहारनपुर को मंडल महासचिव, मौ. उस्मान गांव हाशिमपुर तहसील देवबंद को मंडल मीडिया प्रभारी और चौधरी शक्ति सिंह मुजफ्फरनगर को सहारनपुर मंडल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। भारतीय किसान यूनियन से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नई नियुक्तियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि नई टीम किसानों की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी और संगठन को और अधिक सशक्त बनाएगी।






