मां के साथ 40 लाख की ठगी: दो बेटों के खिलाफ कराई एफआईआर

एफडी कराने के नाम पर ढाई साल से रकम लेने का आरोप, पैसे मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी

मुजफ्फरनगर। पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। एक मां ने अपने ही दो सगे बेटों पर 40 लाख रुपये हड़पने और विरोध करने पर मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के गंगारामपुरा, सरवट रोड निवासी सुनीता पत्नी अशोक कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में अपने दो बेटों नितिनपाल और विषभपाल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-योगी सरकार का सुशासन, देखेगा आमजन

पीड़िता के अनुसार, उसका पुत्र विषभपाल एफडी कराने के नाम पर पिछले करीब ढाई साल से उससे रुपये लेता रहा, लेकिन न तो कोई एफडी कराई गई और न ही रकम वापस की गई। सुनीता का आरोप है कि नवम्बर 2024 से जनवरी 2025 के बीच तीन अलग-अलग लेनदेन में बड़ी रकम ट्रांसफर कराई गई। तहरीर के मुताबिक 6 नवम्बर 2024 को 9 लाख रुपये, 22 जनवरी 2025 को 5 लाख 34 हजार रुपये तथा 30 जनवरी 2025 को 1 लाख 66 हजार रुपये खाते में ट्रांसफर कराए गए। इसके अतिरिक्त शेष रकम नगद दी गई। कुल मिलाकर करीब 40 लाख रुपये बेटों द्वारा लिए जाने का आरोप है।

इसे भी पढ़ें:  यूपी में फरवरी में बढ़ती गर्मी पर मौसम विभाग की चेतावनी

महिला का कहना है कि जब उसने अपने रुपये वापस मांगे तो दोनों बेटे एकजुट होकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी दी। उसने आर्थिक और मानसिक शोषण का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना सिविल लाइन पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  वंदे मातरम गीत नहीं, भारत की आत्मा हैः कपिल देव अग्रवाल
Share This Article