खतौली। आगामी चैत्र नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खतौली कस्बे में मीट की दुकानों और मांसाहारी होटलों को बंद कराने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष प्रवीण ठकराल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि 19 मार्च से 27 मार्च तक चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व मनाया जाएगा, जिसे सनातन धर्म में अत्यंत पवित्र और आस्था का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखकर सात्विक भोजन का सेवन करते हैं और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेते हैं।
प्रवीण ठकराल ने कहा कि नवरात्रि के दौरान खतौली कस्बे में संचालित मीट की दुकानों और मांसाहारी होटलों के खुले रहने से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। इसलिए प्रशासन को चाहिए कि इस अवधि में सभी मीट की दुकानों और मांसाहारी होटलों को पूरी तरह बंद कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान बना रहे और क्षेत्र में शांति व सौहार्द कायम रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस दौरान किसी होटल या दुकान पर मांसाहारी भोजन बनता या बिकता हुआ दिखाई देता है, तो इससे क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए प्रशासन से मांग की गई है कि नवरात्रि के पवित्र अवसर पर 19 मार्च से 27 मार्च तक खतौली कस्बे में सभी मीट की दुकानों और मांसाहारी होटलों को बंद रखने के निर्देश जारी किए जाएं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने प्रशासन से इस मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।





