एसएसपी ने लिया व्यवस्था का जायजा, पुलिस लाइन में सुरक्षा, बैठने की व्यवस्था और पारदर्शिता पर जोर
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में प्रशिक्षु आरक्षियों की अंतिम परीक्षा को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
26 मार्च से प्रस्तावित प्रशिक्षु आरक्षियों की बाह्य विषयों की अंतिम परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में 16 मार्च 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों के बैठने की योजना, परीक्षा कक्षों की साफ-सफाई और आवश्यक अभिलेखों की उपलब्धता का गहनता से मूल्यांकन किया गया। परीक्षा केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रशिक्षु आरक्षियों को शांतिपूर्ण और अनुकूल वातावरण मिल सके। साथ ही सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने और परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ और प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






