अभि हत्याकांड पर आक्रोशः हाईवे पर शव रखकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

शामली में देवी मेले में मंदिर से पूजन कर लौटते आईटीआई छात्र की गोली मारकर की थी हत्या

मुजफ्फरनगर। शामली जिले में एक छात्र की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद सौंपे गए छात्र के शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के साथ कड़ी कार्रवाई की मांग की। परिजनों के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने घंटों तक भारी हंगामा किया, हंगामे के दौरान पुलिस और प्रशासन के अफसर मौके पर डटे रहे, लेकिन ग्रामीण हाईवे से हटने को तैयार नहीं हुए। ग्रामीणों ने आरोपियों पर बुलडोजर की कार्रवाई की मांग भी की। एएसपी सुमित शुक्ला ने आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खोला गया।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-कांवड़ यात्रा के दौरान बंद रहेंगी शराब कैंटीन

शामली जिले के खानपुर तलवा माजरा गांव में आईटीआई (औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान) के छात्र अभि मलिक (20) की हत्या के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बृहस्पतिवार सुबह परिजन और ग्रामीण मृतक छात्र अभि का शव लेकर पानीपत-खटीमा हाईवे पर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि अभि की बुधवार शाम उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई, जब वह गोहरपुर स्थित दुर्गा मंदिर मेले में प्रसाद चढ़ाकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों ने एक नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई है। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गुरुवार सुबह गांव पहुंचा, लोगों का आक्रोश भड़क उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीण खेड़ी बैरागी मंदिर के सामने हाईवे पर एकत्र हो गए और शव रखकर आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी और उनके घरों पर बुलडोजर चलाकर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। कुछ ग्रामीणों ने आक्रोश में खून के बदले खून जैसी बातें भी कही, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई और घंटों तक हंगामा चलता रहा।

इसे भी पढ़ें:  आरपीएल राइडर्स ने लगातार दूसरी जीत के साथ अपना दबदबा कायम रखा

सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी नगर और थानाभवन पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। काफी देर तक चली बातचीत के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच तेज कर दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। वहीं, घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इसके बाद गमगीन माहौल में छात्र अभि का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान भी पुलिस बल मौजूद रहा।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने दी विकास की सौगात

Also Read This

कूकड़ा को विकास की सौगात, 28 लाख की लागत से बने पार्क का उद्घाटन

पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का नागरिकों ने किया अभिनंदन, बच्चों और बुजुर्गों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ पार्क मुजफ्फरनगर। नगर के वार्ड संख्या 17 के अन्तर्गत कूकड़ा (हरीपुरम) क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने नव-निर्मित पार्क का उद्घाटन किया। लंबे समय तक कूड़ा-करकट के ढेर के रूप में उपयोग होने वाली पालिका भूमि अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त आकर्षक पार्क में बदल गई है और कूकड़ा विकास की सौगात से जगमगा उठा। पार्क के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्रवासियों ने पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का नागरिक अभिनंदन कर उनके विकास कार्यों की सराहना की। इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-अलीपुर अटेरना में हुआ सड़क

Read More »