देवबंद में कल मुख्यमंत्री की जनसभा, हाईवे पर रूट डायवर्जन

गुरूवार को देवबंद में जनसभा को सम्बोधित करेंगे सीएम योगी, आज रात से 10 किलोमीटर मार्ग रहेगा बंद

सहारनपुर। सहारनपुर जिले के देवबंद में मुख्यमंत्री की प्रस्तावित जनसभा को देखते हुए बुधवार रात से स्टेट हाईवे मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव कर दिया गया है। जामिया तिब्बिया चिकित्सा महाविद्यालय से घलौली फाटक के बीच करीब दस किलोमीटर का मार्ग अस्थायी रूप से बंद रहेगा।

यह व्यवस्था बुधवार रात बारह बजे से लागू होकर गुरुवार शाम पांच बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले तय किए गए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य ले लें, ताकि रास्ते में परेशानी से बचा जा सके। देवबंद में मुख्यमंत्री की जनसभा के कारण बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। जामिया तिब्बिया चिकित्सा महाविद्यालय से घलौली फाटक के बीच का मुख्य मार्ग सामान्य वाहनों के लिए बंद रहेगा।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर में एसआईआरः छह दिन शेष-50 प्रतिशत काम अभी बाकी

हालांकि, आपातकालीन सेवाओं जैसे रोगी वाहन, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन और कार्यक्रम में शामिल वाहनों को इस व्यवस्था से छूट दी गई है। सहारनपुर से मुजफ्फरनगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गागलहेड़ी, बड़कलां पुल (छुटमलपुर), भगवानपुर और रुड़की होते हुए आगे भेजा जाएगा। प्रशासन का कहना है कि इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने की कोशिश की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  इस संडे एमजी स्कूल में आकर नेत्र रोग का समाधान पायें

सहारनपुर की ओर से देवबंद होते हुए मुजफ्फरनगर जाने वाले हल्के वाहन देवबंद से बरला तिराहा होते हुए बरला मार्ग और छपार के रास्ते मुजफ्फरनगर पहुंचेंगे। वहीं मुजफ्फरनगर से सहारनपुर आने वाले हल्के वाहनों को रोहाणा टोल से घलौली, रणखंडी, गुनारसी, नूरपुर शुगर मिल चौराहा, भायला फाटक, कासिमपुर और जामिया तिब्बिया चिकित्सा महाविद्यालय के रास्ते सहारनपुर भेजा जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित मार्गों का पालन करने से जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा।

इसे भी पढ़ें:  एलएंडटी के वेयर हाउस में भीषण आग, करीब 10 करोड़ का माल राख
Share This Article