मुजफ्फरनगर-नाबालिग की फोटो एडिट कर अश्लील वीडियो वायरल

अज्ञात साइबर अपराधी ने व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर वायरल की फोटो-वीडियो, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

मुजफ्फरनगर। शहर में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां अज्ञात व्यक्ति ने एक परिवार के मोबाइल नंबर का दुरुपयोग करते हुए इस परिवार की नाबालिग लड़की की तस्वीर से छेड़छाड़ कर अश्लील वीडियो तैयार किए और उन्हें पड़ोसियों व परिजनों को भेज दिया। घटना के बाद पीड़ित परिवार भय और मानसिक तनाव में है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शहर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में किराये पर रह रहे सहारनपुर जनपद के मूल निवासी परिवार के साथ साइबर उत्पीड़न का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर अपराधी ने परिवार के घर पर मौजूद मोबाइल नंबर को निशाना बनाते हुए उसी नम्बर पर एक व्हाट्सएप अकाउंट सक्रिय किया और उससे आपत्तिजनक गतिविधियां शुरू कर दीं।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-चैत्र नवरात्र शुरू, मंदिरों में उमड़ी माता के भक्तों की भारी भीड़

इस मामले में एक व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। बताया गया कि अज्ञात आरोपी ने उनके घर पर चल रहे मोबाइल नंबर से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया और उसमें पड़ोस के दुकानदारों सहित कई लोगों को जोड़ दिया। इसके बाद ग्रुप में अश्लील वीडियो साझा किए गए। कुछ वीडियो में उनकी नाबालिग बेटी की तस्वीर को एडिट कर आपत्तिजनक रूप से प्रस्तुत किया गया, जिससे परिवार की प्रतिष्ठा पर गंभीर असर पड़ा।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR-राजस्व वसूली में पिछड़ा जिला, डीएम ने कर दी छुट्टी बंद

इतना ही नहीं, आरोपी ने उसी नंबर से पीड़ित के दूसरे मोबाइल नंबर पर भी ये वीडियो भेजे, जिससे ऐसा प्रतीत हो कि सामग्री परिवार की ओर से ही प्रसारित की जा रही है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। परिवार का कहना है कि उनका मोबाइल अधिकतर घर पर ही रहता है और किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा इस तरह व्हाट्सएप का दुरुपयोग किया जाना गंभीर साइबर सुरक्षा खामी की ओर इशारा करता है। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के अनुसार, साइबर विशेषज्ञों और तकनीकी टीम को जांच में लगाया गया है। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, लोगों से अपील की गई है कि वे अपने मोबाइल और सोशल मीडिया खातों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।

इसे भी पढ़ें:  बारिश से जनजीवन प्रभावित, स्कूलों में छुट्टी, कचहरी में सन्नाटा
Share This Article