मुजफ्फरनगर में दिनदहाड़े लूट और चोरी की वारदातों से हड़कम्प

पशु पैठ में कार का लॉक तोड़कर बैग सहित नकदी पर हाथ साफ, माल लेकर नजीबाबाद जाते चालक से की लूट, पुलिस ने दर्ज किए मुकदमे

मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए दिनदहाड़े दो अलग-अलग आपराधिक घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर पशु पैठ में पहुंचे व्यापारी की कार से लाखों की नकदी चोरी कर ली गई, वहीं दूसरी ओर एक चालक से उसका मालवाहक वाहन माल सहित लूट लिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।

नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में पशु पैठ के दौरान अज्ञात बदमाशों ने एक पशु व्यापारी को निशाना बनाते हुए उसकी कार का लॉक तोड़कर नकदी से भरा बैग साफ कर दिया। भोपा थाना क्षेत्र के ग्राम जौली निवासी पशु व्यापारी अरशद पुत्र अनीस कुरैशी ने नई मंडी कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह पशुओं की खरीद-फरोख्त का कार्य करता है और शनिवार को नसीरपुर गांव में लगने वाली पशु पैठ में पशुओं की खरीदारी के लिए गया था। उसने अपनी कार (यूपी 12बीएच 7454) में करीब नौ लाख रुपये बैग में रखे थे। कार को लॉक कर वह पशु खरीदने चला गया। कुछ समय बाद लौटने पर उसने देखा कि कार का लॉक टूटा हुआ था और रुपये से भरा बैग गायब था। आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन बदमाशों का कोई पता नहीं चला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस चौकी पर दी गई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें:  जागाहेड़ी टोल प्लाजा पर भाकियू तोमर का प्रदर्शन, टोल कराया फ्री

दूसरी घटना मीरापुर थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक चालक से उसका कैंटर लूट लिया। सहारनपुर के बेहट रोड स्थित दानिश कॉलोनी निवासी नसीम पुत्र बशीर अहमद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह जयपुर से अपने कैंटर (एचआर 58सी 2093) में पुट्टी भरकर बिजनौर के नजीबाबाद सप्लाई करने के लिए जा रहा था। गुरुवार दोपहर करीब 3:45 बजे जब वह खतौली-मीरापुर रोड पर रजवाहे के पास पहुंचा, तभी अज्ञात बदमाशों ने उसका कैंटर छीन लिया और लूटकर फरार हो गए।

इसे भी पढ़ें:  प्रदेश में इस महीने ज्यादा आएगा बिजली बिल, फ्यूल सरचार्ज 10% तक बढ़ेगा 

घटना के दौरान चालक का मोबाइल फोन भी वाहन में ही रह गया। पीड़ित ने वाहन की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मीरापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाशों ने चालक को आतंकित कर सरेराह कैंटर लूटा, लेकिन पुलिस ने मामले को चोरी के रूप में दर्ज किया है। इससे घटना की गंभीरता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दोनों घटनाओं में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किसी भी मामले में आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से आमजन में भय का माहौल बना हुआ है।

इसे भी पढ़ें:  जब तक अपने समाज के लोगों को उनका हक नहीं दिलवा देते संघर्ष जारी रहेगा- रामकुमार वालिया
Share This Article