मुजफ्फरनगर-स्टील फैक्ट्री में करंट लगने से इलेक्ट्रिशियन की मौत

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था

मंसूरपुर की अंबा शक्ति स्टील फैक्ट्री में हादसा, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

मुजफ्फरनगर। जनपद में विद्युत करंट से होने वाली दुर्घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। शुक्रवार को थाना मंसूरपुर क्षेत्र स्थित अंबा शक्ति स्टील फैक्ट्री में कार्य के दौरान करंट लगने से एक इलेक्ट्रिशियन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सहकर्मी तत्काल घायल कर्मचारी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हाल के दिनों में करंट से मौत की यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे औद्योगिक इकाइयों और आम लोगों के बीच विद्युत सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

इसे भी पढ़ें:  देश को जोड़ रही पीएम मोदी के मन की बातः मीनाक्षी स्वरूप

पुलिस के अनुसार थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव निरमानी निवासी हरिओम कश्यप पुत्र अमरनाथ अंबा शक्ति स्टील फैक्ट्री में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार को वह फैक्ट्री में विद्युत संबंधी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे की जानकारी मिलते ही फैक्ट्री के फोरमैन और अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा हरिओम को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।

इसे भी पढ़ें:  आठ रुपये करेंसी के तीन पुराने नोट 90 लाख में खरीदने के नाम पर ठगी

गौरतलब है कि इससे पहले भोपा क्षेत्र में भी करंट लगने से एक शिक्षक की जान चली गई थी। आईटीआई मोरना में कार्यरत अध्यापक अभिषेक, जो प्रतापगढ़ के निवासी थे, भोपा में किराये के कमरे में रह रहे थे। मोबाइल फोन का चार्जर लगाते समय वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए थे। गंभीर अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। भारी बारिश के बीच लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की आवश्यकता को एक बार फिर रेखांकित कर दिया है।

इसे भी पढ़ें:  सहारनपुर पूनम मित्तल हत्याकांड: व्यापार मंडल ने परिवार से मिलकर कहा—न्याय की लड़ाई में साथ खड़े हैं
Share This Article