फायरिंग व इंडोर परीक्षा के नाम पर अवैध वसूली, तीन लाख लेकर बुलेट खरीदने तक के आरोप, विभागीय जांच शुरु
Muzaffarnagar News मुजफ्फरनगर। आरटीसी में तैनात मेजर हेड कॉन्स्टेबल संजय कुमार पर प्रशिक्षुओं से फायरिंग और इंडोर परीक्षा के नाम पर अवैध वसूली के गंभीर आरोप सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। आरोप है कि हेड कॉन्स्टेबल संजय कुमार ने परीक्षा पास कराने के नाम पर प्रशिक्षुओं से भारी रकम वसूली, यहां तक कि तीन लाख रुपये लेकर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदने का मामला भी सामने आया है।
प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन उदल सिंह ने एसएसपी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि कुछ प्रशिक्षुओं ने संजय कुमार द्वारा परीक्षा, फायरिंग प्रैक्टिस और अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें दी थीं। इन शिकायतों को संज्ञान में लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया गया, जिसके बाद की गई प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए गए। विभागीय जांच शुरू कर दी गई है तथा निलंबन अवधि में संजय कुमार पुलिस लाइन में रहेंगे।
एक दिन पहले भी हुई बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि एसएसपी ने इससे एक दिन पूर्व ही स्मैक तस्कर से रिश्वत लेने और उसके ऑडियो वायरल होने के मामले में तितावी थाना अध्यक्ष व दो सिपाहियों को निलंबित किया था। आरोप था कि उन्होंने करीब तीन लाख रुपये लेने के बाद भी आरोपी को संरक्षण देने का प्रयास किया और मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न किया लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से पुलिस विभाग में हड़कंप है, जबकि एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विवेक व अनुशासनहीनता पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।






