छपार में नकली मावा बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़, 10 कुंतल मावा नष्ट

सेलखड़ी, वनस्पति और इसबगोल के साथ हानिकारक केमिकल मिलाकर तैयार किया जा रहा था नकली मावा, लाखों की वनस्पति जब्त

मुजफ्फरनगर। जनपद में नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। कास्टिक पाउडर और घातक केमिकल्स से नकली दूध तैयार करने के मामले का पर्दाफाश करने के बाद खाद्य विभाग ने अब नकली मावा तैयार करने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय अर्चना धीरान के नेतृत्व में खाद्य विभाग और छपार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छपार क्षेत्र में छापेमारी कर करीब 10 कुंतल से अधिक नकली मावा बरामद किया।

इसे भी पढ़ें:  मुजफ्फरनगर-अवैध संबंधों में प्रेमिका के पति की गंडासे से हत्या, आरोपी फरार

विभागीय जानकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में मावा तैयार करने के लिए सेलखड़ी, वनस्पति, इसबगोल और अन्य हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल किया जा रहा था। तैयार किए गए इस नकली मावे को असली मावे की तरह बाजार में खपाने की तैयारी थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने बड़ी मात्रा में वनस्पति समेत मावा बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की।

खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर मिले नकली मावे को नियमानुसार नष्ट करा दिया। वहीं, बड़ी मात्रा में बरामद वनस्पति को जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार बरामद सामग्री की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। टीम ने फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे खाद्य पदार्थों के नमूने भी जांच के लिए लिए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय अर्चना धीरान ने बताया कि छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकली मावा बरामद हुआ, जिसे नष्ट करा दिया गया है। इसके अलावा लाखों रुपये की वनस्पति भी जब्त की गई है। मामले में संबंधित आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है और जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़ें:  सरकार के दखल के बाद भी किराये में मनमानी जारी, 45 हजार का बिका मुंबई का टिकट

यह पूरी कार्रवाई दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग-58 स्थित छपार थाना क्षेत्र के कस्बा छपार में की गई। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से नकली खाद्य पदार्थ तैयार करने और उन्हें बाजार में बेचने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इसे भी पढ़ें:  तांत्रिक के बहकावे में दादा ने पोते की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा
Share This Article