चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भागे बदमाश, जंगल में कांबिंग के बाद दूसरा आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान संदिग्ध कार सवार बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक शातिर गोकश बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी खेतों की ओर भाग निकला। बाद में पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक 14 मई को थाना बुढ़ाना पुलिस क्राउन स्कूल के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध एक्सयूवी कार आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार नहीं रुके और मंदवाड़ा मार्ग की ओर तेजी से भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। इसके बाद कार सवार बदमाश वाहन से उतरकर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए खेतों की ओर भागने लगे। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी फायरिंग की, जिसमें सोनू उर्फ भूरा पुत्र इस्माइल निवासी सद्दीक नगर थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ गोली लगने से घायल हो गया। उसका साथी मोबीन पुत्र अब्दुल हकीम निवासी इकराम नगर थाना मवाना, मेरठ मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने कांबिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक एक्सयूवी कार बरामद की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि घायल आरोपी सोनू उर्फ भूरा शातिर गोकश है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गोकशी, गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्रपाल सिंह ने बताया कि चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ और दूसरे को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।






