ऑपरेशन सवेरा में पुलिस की बड़ी सफलताः एसएसपी ने टीम को सराहा, अवैध कारोबार का भंडाफोड़
मुजफ्फरनगर। जनपद मुजफ्फरनगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान के तहत थाना खालापार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के स्पासमोर ब्रांड कंपनी के 11,66,400 ट्रामाडोल कैप्सूल और घटना में प्रयुक्त हयुंडई एक्सटर कार बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान इस गुडवर्क को मीडिया के साथ साझा किया। उन्होंनें बताया कि थाना खालापार प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा के नेतृत्व में यह बड़ी कार्रवाई की गई। एसएसपी के अनुसार 19 मई को गहरा बाग मार्ग पर संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान एक कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में रखे दो कार्टूनों में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल मिले। पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम अश्वनी शर्मा निवासी जैननगर खतौली और विनोद कुमार निवासी दयालपुरम खतौली बताए। जांच में सामने आया कि अश्वनी शर्मा पहले से एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है जो गोरखपुर से प्रतिबंधित दवाइयां मंगाकर अलग-अलग क्षेत्रों में सप्लाई करता था। गिरोह ने “आरएस इंटरप्राइजेज” नाम से फर्म बनाकर दस्तावेजों के जरिए कारोबार खड़ा किया था और ट्रांसपोर्ट माध्यम से दवाओं की खेप मंगवाई जाती थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम सुजडू गांव के पास एक खंडहरनुमा गोदाम पहुंची, जहां से 52 अतिरिक्त कार्टून बरामद किए गए। मौके पर मौजूद यशपाल ग्रोवर निवासी गांधी कॉलोनी, नई मंडी को भी गिरफ्तार किया गया। पहले मिले 2 कार्टूनों सहित कुल 54 कार्टून बरामद हुए। बरामदगी में कुल 11,66,400 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये और एक हयुंडई एक्सटर कार (एचआर10एडब्ल्यू 9950) शामिल है। पुलिस ने थाना खालापार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरोह के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। इस सराहनीय कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।





