सहारनपुर निवासी पीड़ित पति ने छपार थाने पहुंचकर दी शिकायत, अब तक चार शादियों के मामले उजागर
मुजफ्फरनगर। शादी के नाम पर युवकों और उनके परिवारों को निशाना बनाकर जेवरात व नकदी लेकर फरार होने वाले कथित लुटेरी दुल्हन गिरोह का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। छपार पुलिस द्वारा 25 मई को गिरफ्तार की गई सोनाक्षी और उसके गिरोह के खिलाफ अब एक और पीड़ित सामने आया है। सहारनपुर के तल्हेड़ी निवासी युवक ने छपार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि सोनाक्षी ने उससे शादी करने के बाद जेवरात लेकर फरार हो गई थी। पुलिस अब सामने आए सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।
मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर ठगी करने वाले कथित लुटेरी दुल्हन गिरोह का एक और मामला सामने आया है। सहारनपुर जनपद के तल्हेड़ी निवासी पीड़ित युवक ने छपार थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि 5 सितंबर 2025 को उसकी शादी सोनाक्षी से कराई गई थी, लेकिन कुछ ही दिनों बाद वह घर से जेवरात और सामान लेकर फरार हो गई। इस नए मामले के सामने आने के बाद अब तक सोनाक्षी से जुड़ी चार शादियों की जानकारी पुलिस के सामने आ चुकी है। इनमें मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र, तितावी थाना क्षेत्र, सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र के साखन गांव तथा अब तल्हेड़ी का मामला शामिल है।

पुलिस के अनुसार 25 मई को छपार थाना पुलिस ने बिजनौर के नजीबाबाद निवासी सोनाक्षी, उसकी मौसी कामिनी और बिचौलिया बनी आशा को गिरफ्तार कर गिरोह का पर्दाफाश किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से जेवरात भी बरामद किए थे, जबकि गिरोह से जुड़ा दूसरा बिचौलिया रविंद्र अब भी फरार बताया जा रहा है। यह कार्रवाई रामपुर गांव निवासी मांगेराम की शिकायत के आधार पर की गई थी। मांगेराम ने पुलिस को बताया था कि उसके बेटे ऋषभ की शादी 10 मई को हरिद्वार के एक मैरिज हॉल में सोनाक्षी से कराई गई थी। शादी के मात्र तीन दिन बाद 13 मई को सोनाक्षी घर से जेवर लेकर फरार हो गई थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सोनाक्षी, उसकी मौसी कामिनी और आशा मिलकर ऐसे परिवारों को निशाना बनाते थे, जिनके बेटों की शादी किसी कारणवश नहीं हो पा रही थी। गिरोह का सदस्य रविंद्र ऐसे परिवारों से संपर्क कर सोनाक्षी की तस्वीर दिखाता और शादी तय कराता था। शादी कराने के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी और बाद में दुल्हन मौका मिलते ही जेवर लेकर फरार हो जाती थी। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया था कि गिरोह ने भोपा, बागपत, मेरठ सहित कई स्थानों पर इसी प्रकार शादियां कर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया। शादी के लिए मंदिरों और धर्मशालाओं का इस्तेमाल किया जाता था ताकि ज्यादा जानकारी सार्वजनिक न हो सके।
सीओ सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा ने गिरफ्तारी के समय बताया था कि पुलिस ने सोनाक्षी, कामिनी और आशा को बागोवाली सिसौना रजबहे वाले रास्ते से खटीमा मार्ग के पुल के पास गिरफ्तार किया था। उस समय गिरोह किसी अन्य युवक के साथ शादी की तैयारी में था और बिचौलिया रविंद्र से मिलने पहुंचा था। एसओ छपार मोहित सहरावत ने बताया कि गिरोह की गिरफ्तारी के बाद लगातार पीड़ित सामने आ रहे हैं। पुलिस सभी शिकायतों की जांच कर रही है और फरार आरोपी रविंद्र की तलाश में दबिश दी जा रही है।






