नई मंडी में जर्जर टेलीफोन खंभा बना खतरा, हादसे की आशंका

गौशाला रोड पर झुका निष्प्रयोज्य खंभा, विद्युत केबल बंधे होने से करंट फैलने का भी डर

मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र की व्यस्ततम गौशाला रोड पर विभागीय लापरवाही के चलते एक बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। गौशाला के बाहर शौचालय के समीप लगा टेलीफोन का जर्जर और निष्प्रयोज्य खंभा लंबे समय से सड़क की ओर झुका हुआ है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक इसे हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

इसे भी पढ़ें:  MUZAFFARNAGAR- दस में से आठ निकायों पर हुई धनवर्षा

स्थानीय लोगों का कहना है कि खंभा नीचे से पूरी तरह गल चुका है और मुड़ने के कारण कभी भी सड़क पर गिर सकता है। स्थिति को और अधिक खतरनाक इस बात ने बना दिया है कि लोगों ने इसके ऊपर से विद्युत केबल भी बांध रखी हैं। ऐसे में खंभे में करंट आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों की जान को गंभीर खतरा बना हुआ है। गौशाला रोड नई मंडी क्षेत्र की सबसे व्यस्त सड़कों में गिनी जाती है, जहां दिनभर भारी ट्रैफिक और जाम की स्थिति बनी रहती है। ऐसे में यदि यह खंभा अचानक गिरता है तो बड़ा हादसा हो सकता है।

इसे भी पढ़ें:  बिजली कटौती पर भड़के कैबिनेट मंत्री, चीफ ने भी की खूब बहस

भाजपा नेता एवं पूर्व सभासद विपुल भटनागर ने भी इस गंभीर समस्या को उठाते हुए प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि जर्जर खंभा लंबे समय से हादसे को न्योता दे रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किसी अप्रिय घटना के घटित होने से पहले तत्काल इस निष्प्रयोज्य खंभे को हटाया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों और राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसे भी पढ़ें:  टोकने की खुंदक में बेटियों ने काट दिया सोते पिता का गला
Share This Article