दर्दनाक हादसा! बेतवा नदी पर गिर गया निर्माणाधीन पुल का स्लैब, सोते हुए 6 मजदूरों की मौत

हमीरपुर। जिले में शुक्रवार तड़के तेज आंधी के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से छह श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य श्रमिक घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक खबर सामने आई है। शुक्रवार तड़के तेज आंधी-तूफान के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक बड़ा स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। इस भीषण हादसे में पुल निर्माण कार्य में लगे 6 श्रमिकों की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि 3 अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पुलिस के अनुसार, घटना तड़के करीब तीन बजे लालपुरा थाना क्षेत्र में हुई, जब परसनी और कुरारा कंदौर गांव के बीच निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुल निर्माण कार्य में लगे कई मजदूर स्लैब के ऊपरी हिस्से पर सो रहे थे। इसी दौरान अचानक स्लैब गिर गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान लोकेन्द्र (22), कुलदीप निषाद (19), सावंत यादव (28), सभाजीत (30), पुष्पेंद्र चौहान (34) और राजेश पाल (42) के रूप में हुई है। वहीं, अवधेश निषाद, कल्लू यादव और राजेश निषाद पिलर के नीचे फंसकर घायल हो गए। लालपुरा थाना प्रभारी राजेश कुमार सरोज ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने तीनों घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेज दिया है।

इसे भी पढ़ें:  पाकिस्तान से जंग के आसार-बुधवार को होगी सिविल डिफेंस एक्सरसाइज
Share This Article